
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)03 जनवरी।उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देश पर रोजगार की तलाश में ग्रामीण क्षेत्रों से हो रहे पलायन को रोकने तथा स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में “आपनार आतो कामी” कार्यक्रम के अंतर्गत पंचायत स्तरीय जागरूकता एवं रोजगार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों, कौशल विकास कार्यक्रमों एवं रोजगार से संबंधित जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि लोग अपने क्षेत्र में ही रहकर आत्मनिर्भर बन सकें।
उक्त कार्यक्रम के तहत 17 जनवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। काठीकुंड प्रखंड के अस्ताजोड़ा पंचायत में 17 जनवरी 2026 को, मसलिया प्रखंड के हथियापाथर पंचायत एवं गोपीकांदर प्रखंड के टायजोर पंचायत में 19 जनवरी 2026 को शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 21 जनवरी 2026 को गोपीकांदर प्रखंड के ओड़मो पंचायत एवं रामगढ़ प्रखंड के कान्जवे पंचायत में शिविर आयोजित होंगे। 28 जनवरी 2026 को जरमुंडी प्रखंड के पेटसार पंचायत तथा गोपीकांदर प्रखंड के खरौनी बाजार पंचायत में शिविर लगाया जाएगा।
आगे 30 जनवरी 2026 को गोपीकांदर प्रखंड के सुरजुडीह पंचायत एवं रानीश्वर प्रखंड के धनभाषा पंचायत में, 4 फरवरी 2026 को जामा प्रखंड के चिकनिया पंचायत एवं मसलिया प्रखंड के हरोरायड़ीह पंचायत में शिविर आयोजित किए जाएंगे। 7 फरवरी 2026 को गोपीकांदर प्रखंड के कुश्चिरा पंचायत तथा शिकारीपाड़ा प्रखंड के ढाका पंचायत में शिविर का आयोजन प्रस्तावित है। 9 फरवरी 2026 को रानीश्वर प्रखंड के बांसकुली पंचायत एवं गोपीकांदर प्रखंड के मुसना पंचायत में शिविर आयोजित होंगे। 11 फरवरी 2026 को जामा प्रखंड के बारा पलासी पंचायत एवं गोपीकांदर प्रखंड के गोपीकांदर पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 14 फरवरी 2026 को रामगढ़ प्रखंड के बोड़िया पंचायत एवं दुमका प्रखंड के गादीकोरैया पंचायत में तथा 18 फरवरी 2026 को सरैयाहाट प्रखंड के हंसडीहा पंचायत में शिविर का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित विभागों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं पंचायत स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले “आपनार आतो कामी” कार्यक्रम को गंभीरता से लेते हुए नियमित अनुश्रवण एवं आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्ण हो सके और अधिक से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हों। आम नागरिकों से अपील है कि वे अपने-अपने पंचायतों में निर्धारित तिथियों पर आयोजित शिविरों में सहभागिता सुनिश्चित कर इस कार्यक्रम का लाभ उठाएँ।
