
RKTV NEWS/हाजीपुर (वैशाली)29 दिसंबर।प्रधान सचिव, सी०के० अनिल, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार पटना की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह द्वारा आज राजस्व संबंधी महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक वैशाली जिला अंतर्गत समाहरणालय सभागार में आहूत की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान प्रधान सचिव, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार द्वारा सभी अंचल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि राजस्व विभाग की तीन प्राथमिकताएँ—दाखिल-खारिज, परिमार्जन एवं मापी से संबंधित कार्य—दिनांक 15 जनवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाएँ, ताकि आम जनता की भूमि संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सभी राजस्व कर्मियों का लॉग बुक नियमित रूप से संधारित किया जाए तथा उनके कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की जाए।
जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह द्वारा राजस्व विभाग से संबंधित सभी महत्वपूर्ण कार्यों जैसे आधार सीडिंग, मापी, एलपीसी, रिपोर्ट, अभियान बसेरा, राजस्व महा अभियान आदि की क्रमवार एवं विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में खराब प्रदर्शन करने वाले अंचल अधिकारियों एवं राजस्व पदाधिकारियों को कार्यों में शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा अपनी कार्य संस्कृति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों, राजस्व अधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों को निर्देश दिया कि वे निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ आमजन से जुड़ी भूमि संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि अंचल अधिकारी एवं संबंधित थाना प्रभारी प्रत्येक शनिवार को अंचल कार्यालय में जनता दरबार आयोजित कर भूमि विवादों एवं समस्याओं का प्रभावी निवारण सुनिश्चित करें।
प्रधान सचिव एवं जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि वैशाली जिले के सभी अंचलों में प्राप्त दाखिल-खारिज वादों का त्वरित निष्पादन किया जाए तथा जिन मामलों में समय-सीमा समाप्त हो चुकी है, उनका विधिवत निष्पादन वर्ष अंत तक अनिवार्य रूप से किया जाए।
परिमार्जन प्लस के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं नियमसम्मत निष्पादन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। यह स्पष्ट किया गया कि बिना किसी ठोस कारण के आवेदनों को रिवर्ट नहीं किया जाएगा, जिससे रैयतों एवं भू-स्वामियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आगामी 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस) तक कम-से-कम 50 भूमिहीन परिवारों के बीच वासगीत पर्चा का वितरण सुनिश्चित करें। इस उद्देश्य से प्रत्येक अंचल स्तर पर वासगीत पर्चा से संबंधित कम-से-कम चार अभिलेख तैयार करने के भी निर्देश दिए गए।
सात निश्चय-3 कार्यक्रम के अंतर्गत वैशाली जिले के प्रत्येक अंचल में सरकारी भूमि को चिन्हित कर भूमि बैंक (लैंड बैंक) तैयार करने का निर्देश दिया गया।सरकारी भूमि अतिक्रमण को भी चिन्हित कर विशेष अभियान चला कर अतिक्रमण मुक्त कराना सुनिश्चित किया जाय | वहीं ई-मापी के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र मापी हेतु तिथि निर्धारित करने तथा अनावश्यक रूप से आवेदनों को अस्वीकृत नहीं करने का निर्देश भी सभी अंचल अधिकारियों को दिया गया।
भू -अर्जन की समीक्षा के क्रम में निदेश दिया गया कि जिले में संचालित परियोजनाओं को यथाशीघ्र विशेष अभियान चलाकर निष्पादन करना सुनिश्चित किया जाय |
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की इस महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक में अपर समाहर्त्ता, वैशाली, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, सभी अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
