
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)21 दिसंबर।
तहसील परिसर में शनिवार को जिलाधिकारी अस्मिता लाल द्वारा दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए गए तथा उन्हें शीत लहर से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों से अपील की कि अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही घर से बाहर निकलें एवं ठंड से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं।
कंबल प्राप्त कर दिव्यांगजनों के चेहरे पर प्रसन्नता देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों द्वारा पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं अन्य समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखी गईं, जिनका उन्होंने मौके पर ही संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को तत्काल निर्देश देकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों से जुड़ी सभी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उन्हें समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी को भी अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर एसडीएम बड़ौत भावना सिंह, तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
