“प्रशासन गाँव की ओर” कार्यक्रम के प्रथम दिन पुरे जिले में 1921 परिवादों का हुआ जमीनी स्तर पर ऑन स्पॉट निष्पादन।
RKTV NEWS/हाजीपुर (वैशाली)20 दिसंबर।जिलाधिकारी वर्षा सिंह द्वारा “प्रशासन गाँव की ओर–2025” कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी एवं सभी नगर निकायों के पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्देश दिया गया कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु सभी प्रखंडों एवं नगर निकायों में कैम्प आयोजित कर प्रशासन को जमीनी स्तर तक पहुँचाया जाए।
बैठक में अवगत कराया गया कि सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार, पटना के निर्देशानुसार ‘सुशासन सप्ताह ’ के अंतर्गत “प्रशासन गाँव की ओर–2025” कार्यक्रम मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रत्येक प्रखंड क्षेत्र में अवस्थित पंचायतों में कैम्पों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पंचायतवार रोस्टर तैयार कर निर्धारित तिथियों के अनुसार कैम्प आयोजित किए जाएंगे। यदि निर्धारित अवधि में सभी पंचायतों में कैम्प आयोजित करना संभव नहीं होता है, तो ऐसे उपयुक्त स्थलों का चयन किया जाएगा, जहाँ अधिक से अधिक पंचायतों के लोग पहुँचकर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कैम्प आयोजन से संबंधित सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार माइकिंग एवं अन्य माध्यमों से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग कैम्प में उपस्थित होकर सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
जिलाधिकारी द्वारा यह भी कहा गया कि सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कैम्पों में सभी संबंधित विभागों की सरकारी सेवाएँ उपलब्ध रहें। सभी विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी कैम्प स्थल पर उपस्थित रहकर आम जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे तथा प्राप्त आवेदनों का यथासंभव निष्पादन कैम्प स्थल पर ही करेंगे। जिन आवेदनों का त्वरित निष्पादन संभव नहीं होगा, उन पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रखंड में ससमय उपस्थित रहकर अपने पर्यवेक्षण में कैम्प का आयोजन कराएँ तथा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की सतत निगरानी करें।
उल्लेखनीय है कि “प्रशासन गाँव की ओर–2025” कार्यक्रम के अवसर पर जिले के सभी प्रखंडों में प्रथम दिन आयोजित कैम्पों में बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। कैम्पों में आम जन की समस्याओं को सुना गया तथा विभिन्न विभागों से संबंधित 1921 परिवादों का जमीनी स्तर पर ऑन स्पॉट निष्पादन सम्पन्न किया गया। जिले अंतर्गत विभिन्न कैंप में आम जनता द्वारा आर टी पी एस , सामाजिक सुरक्षा , भूमि सुधार एवं राजस्व , पंचायती राज , आवास योजना , राशन कार्ड इत्यादि अनेक विभागों से सम्बंधित 2003 आम जन की समस्याओं से सम्बंधित आवेदन एव परिवाद प्राप्त हुए |
जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने वैशाली जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे “प्रशासन गाँव की ओर–2025” कार्यक्रम के अंतर्गत अपने-अपने प्रखंडों में आयोजित कैम्पों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएँ।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम का संचालन पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए, ताकि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुँच सके।

