
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)04 मई।जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार गोला सब्जी मंडी, आरा में अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया गया। यह अभियान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, नगर निगम की टीम एवं पुलिस पदाधिकारियों के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया गया।
अभियान के तहत सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण की मापी कर अवैध कब्जों को चिन्हित किया गया तथा उन्हें हटाने की कार्रवाई की गई, जिससे आवागमन सुचारू हो सके और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में पुनः अतिक्रमण करने पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, प्रशासनिक पदाधिकारियों ने बाजार क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
इस कार्रवाई में प्रशासनिक टीम के साथ पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
