
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)19 दिसंबर।बड़हरा प्रखंड अंतर्गत जोकहरी गांव के होनहार युवक शास्वत सिंह ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग आफिसर बनकर जिले का नाम रोशन किया है। एयरफोर्स एकेडमी, हैदराबाद में आयोजित पासिंग आयउट परेड के दौरान शास्वत विधिवत वायुसेना का हिस्सा बने। वर्तमान समय में मझौंवा, आरा में रहने वाले शास्वत सिंह के पिता सरोज कुमार सिंह और माता मीरा सिंह अपने पुत्र की इस उपलब्धि पर गदगद हैं। शास्वत की शुरुआती शिक्षा जोकहरी स्थित प्राथमिक विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार के ज्ञानदीप स्कूल और फिर बीएमएल मुंजाल स्कूल से सेकेंडरी की शिक्षा प्राप्त की। इंटरमीडिएट के बाद ही उनका चयन एनडीए में हो गया था, जहां से दिसंबर 2024 में उनकी पासिंग आउट हुई थी। गौरव की बात यह है कि इसी परिवार के एक अन्य सदस्य और शास्वत के चचेरे भाई साहिल सिंह (पुत्र धर्मेंद्र कुमार सिंह व बिंदु सिंह) ने भी वर्ष 2024 में एयरफोर्स एकेडमी से पासिंग आउट कर फ्लाइंग आफिसर के रूप में देश सेवा शुरू की थी। एक ही आंगन से दो-दो अधिकारियों के निकलने पर गांव में खुशी का माहौल है।
