“ग्राम सभा से विकास की प्राथमिकताओं तक—Reform Utsav के तहत ग्रामीणों से सीधा संवाद, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर”
RKTV NEWS/गिरिडीह(झारखंड)02 अक्टूबर।Reform Utsav को People’s Plan Campaign (PPC) के साथ एकीकृत करते हुए गिरिडीह प्रखंड अंतर्गत तेलोडीह पंचायत में विशेष ग्राम सभा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आमजनों तक पहुंचाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्रामीण विकास में जनभागीदारी को और सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रामनिवास यादव, भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग के उप सचिव, अजीत कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी तेज कुमार हांसदा, भूमि सुधार उप समाहर्ता अमरेन डांग, जिला नजारत उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी गिरिडीह, आईटी मैनेजर,अंकुर गौरव सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, कर्मी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीण विकास में जनभागीदारी को बनाया जाए आधार: उपायुक्त
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त, रामनिवास यादव ने कहा कि ग्राम सभा ग्रामीण विकास की योजनाओं को स्थानीय जरूरतों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। Reform Utsav एवं People’s Plan Campaign के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी आवश्यकताओं, सुझावों एवं प्राथमिकताओं को विकास प्रक्रिया में शामिल करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं आमजनों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रता के अनुसार उनका लाभ लेने तथा ग्राम सभा में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज तरीके से ग्रामीणों तक पहुंचाई जाए तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने में आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता: उप सचिव
उप सचिव अजीत कुमार ने कहा कि Reform Utsav का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को जनभागीदारी के माध्यम से गांवों तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा ग्रामीणों की आवश्यकताओं एवं विकास की प्राथमिकताओं को समझने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विशेष रूप से भूमि अभिलेखों के आधुनिकीकरण, SVAMITVA, जल संरक्षण, ग्रामीण विकास एवं पंचायत स्तर पर प्रभावी योजना निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयास पर बल दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी हो और वे स्वयं इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया में सहभागी बनें।
ग्राम सभा में योजनाओं की जानकारी के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान अजीत कुमार, उप सचिव, भूमि संसाधन विभाग (DoLR), भारत सरकार ने गिरिडीह जिले में Reform Utsav एवं People’s Plan Campaign के तहत आयोजित ग्राम सभाओं का भ्रमण किया। उन्होंने तेलोडीह, खावा, बुधुडीह, मेदनीसारे एवं करनपुरा में आयोजित ग्राम सभाओं में पहुंचकर ग्रामीणों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के वास्तविक लाभुकों (Actual Beneficiaries) से सीधे संवाद किया। उन्होंने लाभुकों से योजनाओं से प्राप्त सुविधाओं, उनके अनुभव तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। साथ ही, ग्रामीणों से उनकी स्थानीय आवश्यकताओं एवं समस्याओं के बारे में भी संवाद करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में जनभागीदारी के महत्व पर चर्चा की।
योजनाओं एवं सेवाओं की दी गई जानकारी
विशेष ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। इनमें SVAMITVA योजना, जल संचय जन भागीदारी–Catch the Rain, VB-G RAM G, Jal Jeevan Mission 2.0, Swachh Bharat Mission (Grameen), National Consumer Helpline-1915, DILRMP, Watershed Development Component of PMKSY, सशक्त पंचायत, One Nation One Ration Card तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं शामिल रहीं। इन योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता, उपलब्ध सुविधाओं तथा आमजनों को मिलने वाले लाभ के संबंध में जानकारी साझा की गई। साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण, स्वच्छता, भूमि अभिलेखों के आधुनिकीकरण एवं पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।
जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित हुए Reform Utsav के कार्यक्रम
Reform Utsav को People’s Plan Campaign के साथ एकीकृत करते हुए गिरिडीह जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ-साथ स्थानीय विकास की प्राथमिकताओं, जनभागीदारी, स्वच्छता, जल संरक्षण, भूमि अभिलेखों के आधुनिकीकरण एवं पंचायतों की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर जागरूक किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं पंचायत स्तर के कर्मियों को निर्देशित किया गया कि Reform Utsav एवं People’s Plan Campaign के उद्देश्यों के अनुरूप ग्राम सभाओं को प्रभावी बनाते हुए योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने और ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाए।

