खादी, स्वदेशी एवं आत्मनिर्भरता के संदेश के साथ मनाई गई गांधी जयंती।
RKTV NEWS/पटना(बिहार)02 अक्टूबर।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आज खादी मॉल, महेश भवन, पंचम तल, पटना में गांधी जयंती समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वदेशी, स्वावलंबन एवं ग्रामोद्योग के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना तथा खादी को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विद्या नंद सिंह, पद्मश्री राजकुमारी देवी ‘किसान चाची’, पद्मश्री अशोक कुमार विश्वास, डॉ. अजय कुमार पांडेय तथा पद्मश्री प्रोफेसर श्याम सुंदर शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने गांधी जी के जीवन, उनके विचारों तथा देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
CEO डॉ. विद्या नंद सिंह के मार्गदर्शन में खादी को बढ़ावा देने का निरंतर प्रयास
मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. विद्या नंद सिंह के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में इस गांधी जयंती समारोह का आयोजन किया गया। उनके मार्गदर्शन में बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने, खादी को जन-जन तक पहुँचाने तथा खादी से जुड़े कारीगरों, बुनकरों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
गांधी जी के स्वदेशी, स्वावलंबन एवं ग्रामोद्योग के विचारों को आगे बढ़ाते हुए खादी को नई पहचान एवं नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए बोर्ड निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
50 प्रतिशत छूट के साथ मेगा सेल का शुभारंभ
गांधी जयंती के अवसर पर खादी मॉल, पटना में खादी एवं खादी से निर्मित उत्पादों पर 50 प्रतिशत की विशेष छूट के साथ मेगा सेल का शुभारंभ किया गया।
यह विशेष मेगा सेल 02 अक्टूबर 2026 से 15 नवंबर 2026 तक चलेगी। इस दौरान ग्राहक खादी एवं खादी से निर्मित विभिन्न उत्पादों की खरीदारी पर 50 प्रतिशत तक की विशेष छूट का लाभ उठा सकेंगे।
यह पहल खादी को आमजन तक पहुँचाने, खादी के प्रति आकर्षण बढ़ाने तथा स्थानीय कारीगरों, बुनकरों एवं खादी संस्थाओं के उत्पादों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
बोर्ड की ओर से आम लोगों से अपील की गई कि वे इस विशेष अवसर का लाभ उठाएँ तथा खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को अपनाकर स्थानीय कारीगरों एवं बुनकरों के श्रम को सम्मान दें।
बच्चों ने चित्रों के माध्यम से व्यक्त किए गांधी जी के विचार
समारोह में चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागी बच्चों ने अपने चित्रों के माध्यम से गांधी जी के जीवन, सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, खादी एवं स्वदेशी जैसे विषयों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को गांधी जी के विचारों से जोड़ना समाज एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथियों ने साझा किए प्रेरणादायी विचार
पद्मश्री राजकुमारी देवी ‘किसान चाची’ ने ग्रामीण महिलाओं, कृषि एवं आत्मनिर्भरता के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
पद्मश्री अशोक कुमार विश्वास ने बिहार की पारंपरिक टिकुली कला के संरक्षण एवं संवर्धन तथा भारतीय कला एवं संस्कृति को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
डॉ. अजय कुमार पांडेय ने कला एवं मूर्तिकला के माध्यम से समाज में रचनात्मकता और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
वहीं पद्मश्री प्रोफेसर श्याम सुंदर शर्मा जी ने भारतीय कला, छापा चित्रकला एवं कला शिक्षा के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करते हुए नई पीढ़ी को कला एवं संस्कृति से जुड़ने का संदेश दिया।
समारोह के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने गांधी जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा खादी, स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया।
बिहार राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड गांधी जी के विचारों – सत्य, अहिंसा, स्वदेशी एवं स्वावलंबन – को जन-जन तक पहुँचाने तथा बिहार में खादी एवं ग्रामोद्योग को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

