
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा) 2 अक्टूबर। भोजपुर के खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे वित्त निगम (IRFC) की ओर से पहल की गई है। गांधी जयंती के अवसर पर महाराजा कॉलेज, आरा के खेल मैदान में हॉकी एसोसिएशन ऑफ भोजपुर के बैनर तले आयोजित हॉकी मैच के दौरान आईआरएफसी के चेयरमैन, सीईओ एवं सीएमडी मनोज कुमार दूबे ने सीएसआर निधि से लाखों रुपये की खेल सामग्री खिलाड़ियों को भेंट की।एसपी अवधेश दीक्षित ने मुख्य अतिथि के रूप में हॉकी मैच का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मनोज कुमार दूबे ने एसपी को शॉल एवं बुके देकर सम्मानित किया। मैच से पूर्व दोनों अधिकारियों ने बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मैच की समाप्ति पर आरा और बिहिया की दोनों वर्गों की टीमों के खिलाड़ियों को शील्ड देकर पुरस्कृत किया गया। उन्होंने महाराजा कॉलेज के खेल मैदान को विकसित करने के लिए बड़ी योजना को स्वीकृति देने का आश्वासन दिया। इस संबंध में कॉलेज की प्राचार्या से प्रस्ताव भी मांगा गया।
एसपी अवधेश दीक्षित ने कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद भोजपुर के खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान से जुड़ने की अपील की। जितेंद्र कुमार दूबे, बार एसोसिएशन के सचिव मनमोहन ओझा उर्फ पप्पू ओझा, पूर्व छात्र नेता एवं प्रो. डॉ. सुरेंद्र सागर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी मंगलम पांडेय एवं कुंदन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रियंका, रानी राज, साक्षी कुमारी, निशा कुमारी आदि रहे।
