
RKTV NEWS/पटना ( बिहार)11 दिसंबर।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पूर्वी चंपारण में केसरिया बौद्ध स्तूप का भ्रमण किया। इस दौरान स्तूप परिसर का निरीक्षण कर वहां पर्यटकीय सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। केसरिया स्तूप के संरक्षण एवं इसके विकास हेतु राज्य सरकार द्वारा कार्य किया जा रहा है। स्तूप के सामने निर्माणाधीन टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर का भी निरीक्षण किया। इसका निर्माण जल्दी पूरा करने को कहा है। इस सेंटर के निर्माण से पर्यटकों को सुविधा होगी और लोग बौद्ध धर्म से जुड़े विभिन्न आयामों को जान सकेंगे।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने ताजपुर में हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। वहां मौजूद लाभुकों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया। मरीजों की हर सुविधा का ध्यान रखने को कहा है।
निरीक्षण के उपरांत मुख्यमंत्री ने उच्च माध्यमिक विद्यालय, ताजपुर में ग्रामीण महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान महिलाओं ने विभिन्न सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ से जुड़े अपने अनुभवों को साझा किया।
