
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)26 नवंबर।25 नवंबर को नई शिक्षा नीति के नियमों के तहत छात्र छात्राओं को इंटर्नशिप कराने का कार्य प्रारम्भ हो गया है। चार वर्षीय सीबीसीएस सिस्टम के तहत स्नातक के पांचवे सेमेस्टर में छात्र छात्राओं को 120 घंटे का इंटर्नशिप करना जरुरी कर दिया गया है। जिसमें निजी कम्पनीयों और एनजीओ की मदद ली जा रही है। आरा के सभी अंगिभूत और संबद्धताप्राप्त डिग्री कॉलेजों में यूथ फॉर सेवा नाम की स्वयं सेवी संस्था ने इंटर्नशिप कराने का समझौता किया है। मंगलवार को यूथ फॉर सेवा नाम के एनजीओ के प्रतिनिधि आनंद कुमार ने आरा शहरी क्षेत्र के तपेश्वर सिंह इंदु महिला महाविद्यालय में विज्ञान एवं कला संकाय की छात्राओं को इंटर्नशिप के तहत कौशल विकास का प्रशिक्षण दिया। सिंगल यूज प्लास्टिक के बदले कागज निर्मित पॉली बैग निर्माण का प्रशिक्षण दिया और कॉलेज की छात्राओं ने प्रशिक्षण लेकर खुद से ही आकर्षक पॉली बैग का निर्माण कर संस्थान के साथ ही विभागीय शिक्षकों के समक्ष प्रस्तुत किया। छात्राएं इस इंटर्नशिप की सहायता से स्कील डेवलपमेंट की गुरु सिख स्वयं का स्वरोजगार शुरू कर सकती हैं। लघु उद्योग भी स्थापित कर सकती हैं और प्लास्टिक और पॉलीथिन के कैरी बैग को बाजार से बाहर कर पर्यावरण की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
इंटर्नशिप प्रोग्राम के अवसर पर महाविद्यालय की शिक्षिका प्रो. डॉ. निभा परमार,डॉ. सुरेन्द्र सागर, प्रो. डॉ. शीला सिंह, प्रो. सुरेश सिंह, प्रो. उर्मिला सिंह सहित कई कॉलेज शिक्षक एवं कर्मी शामिल थे।
विदित हो कि नई शिक्षा लागू होने के बाद स्नातक स्तरीय चार वर्षीय पाठ्यक्रम में पांचवे सेमेस्टर में छात्र छात्राओं को इंटर्नशिप करने को अनिवार्य कर दिया गया है।सीबीसीएस सिस्टम के तहत लागू हुए पाठ्यक्रम के बाद यह पहला सत्र है जिसमें छात्र छात्राओं को बाहरी संस्थानों से जुड़ कर इंटर्नशिप करने के लिए आगे आना पड़ा है।स्नातक के सत्र 2023-27 के पांचवे सेमेस्टर की परीक्षा आयोजित होने के पूर्व शुरू हुए इंटर्नशिप को लेकर तपेश्वर सिंह इंदु महिला महाविद्यालय में मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्राओं की भीड़ उमड़ी रही। बता दें कि इंटर्नशिप एक अल्पकालिक और पेशेवर कार्य अनुभव है, जो अध्ययन के क्षेत्र में रूचि के अनुसार व्यवहारिक ज्ञान और कौशल हासिल करने में सहायक साबित होता है।पढ़ाई के दौरान कक्षा में सीखे गए सिद्धांतों को बाहरी दुनिया की समस्याओं पर लागू करने का अवसर प्रदान करती है।इंटर्नशिप का उद्देश्य छात्रों को काम का अनुभव देने के साथ साथ पेशेवर संबंध बनाने और भविष्य में नौकरी और रोजगार के अवसर के लिए तैयार करना भी है।इंटर्नशिप को लेकर वीकेएसयू के कॉलेजों में छात्र छात्राओं के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।
