उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)04 नवंबर।उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आज आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त कीर्तिश्री ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों की समस्याएँ एवं जनशिकायतों को सुना। इस दौरान जनशिकायत कोषांग के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों में पीएम किसान, भूमि विवाद, आपूर्ति व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांगजन पेंशन, पेयजल आपूर्ति सहित अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
इटखोरी प्रखंड के अंतर्गत ग्राम हुरनाली के अम्मीटांड से प्राप्त पेयजल संबंधी एक आवेदन पर उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी इटखोरी को मौके पर जाँच कर नियमसंगत निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अन्य मामलों पर भी उपस्थित अधिकारियों को ऑन द स्पॉट आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही एवं पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुँचे, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित निवारण हेतु निर्देशित किया।
गौरतलब है कि आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु हर सप्ताह मंगलवार एवं शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे से 01:00 बजे तक समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन किया जाता है, जहाँ नागरिक अपनी समस्याएँ सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।

