लौह पुरुष के आदर्शों से प्रेरित, बागपत दौड़ेगा एकता की राह पर।

सभी वर्गों के नागरिक मिलकर बढ़ाएंगे एकता की मशाल — रन फॉर यूनिटी 31 अक्टूबर को।
RKTV NEWS/बागपत(उत्तर प्रदेश)26 अक्टूबर। जिले में आगामी “रन फॉर यूनिटी” अभियान को लेकर तैयारियाँ जोरों पर हैं। यह अभियान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को आयोजित की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य समाज में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और जन-भागीदारी की भावना को सुदृढ़ करना है।
शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज वर्मा ने अभियान के सुचारु आयोजन और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी नीरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि “रन फॉर यूनिटी” अभियान राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में जनपद के खिलाड़ी, युवा, महिलाएं, शिक्षक और स्थानीय नागरिक सहित विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय गौरव, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना है।
अभियान को सफल बनाने के लिए यूथ क्लब, मंगल दल, एनसीसी और एनएसएस इकाइयाँ भी सक्रिय रूप से भाग लेगी। प्रशासन का उद्देश्य इस आयोजन के माध्यम से हर वर्ग को जोड़ते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है। इस दौड़ के जरिए विभिन्न समुदायों, पेशों और आयु वर्गों के लोग एक ही उद्देश्य “राष्ट्र की एकता” के लिए कदम से कदम मिलाएंगे।
बैठक में बताया गया कि प्रतिभागियों के लिए 500 विशेष टी-शर्ट्स तैयार की जा रही हैं, जिन पर रन फॉर यूनिटी अभियान का लोगो मुद्रित होगा। टी-शर्ट्स का वितरण स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, श्रम, पंचायत राज और परिवहन विभागों के माध्यम से किया जाएगा जिसके नोडल अधिकारी के रूप में उपायुक्त, जिला उद्योग केंद्र अर्चना तिवारी को नामित किया गया है।
वहीं, अपर जिलाधिकारी पंकज वर्मा ने निर्देश दिए कि सभी सम्बन्धित विभाग सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, यातायात और मार्ग आदि की तैयारियाँ समय से पूर्ण करें ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन से हमें एकता, त्याग और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा मिलती है। यह अभियान उसी भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी जिले के प्रमुख चिन्हित स्थानों पर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश लेकर दौड़ेंगे। प्रशासन सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर रहा हैं। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में देशभक्ति आधारित निबंध प्रतियोगिताएँ, भाषण प्रतियोगिताएँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में देशभक्ति, सहयोग और एकता की भावना को प्रोत्साहित किया जा सके। इस अवसर पर तीरथ लाल, मुख्य चिकित्साधिकारी,राहुल वर्मा, परियोजना निदेशक,राघवेन्द्र सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षकनितिन कुमार, प्रभारी जिला पंचायत राज अधिकारी राघवेन्द्र सिंह, ए०आर०टी०ओ०, मौजूद रहे।

