
बड़हरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा) 29 मार्च।चातर ग्राम में गायत्री परिवार एवं ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई जलभरी यात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम परम पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के आदर्शों एवं संरक्षण में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन शांतिकुंज, हरिद्वार के मार्गदर्शन में वहां से आई टोली द्वारा किया जा रहा है। पंचायत सरकार भवन, चातर के प्रांगण में आयोजित इस नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ को लेकर पूरे गांव में धार्मिक माहौल बना हुआ है।मुख्य उद्देश्य वातावरण का परिशोधन, नारी शक्ति का जागरण तथा मानव जाति को अपनी गौरव गरिमा का बोध कराना है। गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस महायज्ञ के माध्यम से समाज में संस्कार, सुख, शांति और आपसी अपनत्व की भावना को बढ़ावा देना लक्ष्य है।30 मार्च को यज्ञ, ज्ञान-विज्ञान प्रवचन एवं देव पूजन, 31 मार्च को विभिन्न संस्कार एवं परंपराओं का निर्वहन तथा 1 अप्रैल को युग तीर्थ शांतिकुंज की प्रेरणा से विशेष गायत्री महायज्ञ, टोली विदाई एवं प्रसाद वितरण होगा।


