
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)10 अक्टूबर।आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक भोजपुर के द्वारा संयुक्त रूप से ईवीएम/वीवीपैट (EVM/VVPAT) वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में रखी गई मशीनों की सुरक्षा, लॉग बुक का संधारण, प्रवेश-निष्कासन नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन यंत्र और बैकअप व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक भोजपुर ने निर्देश दिया कि सुरक्षा कर्मी बिना अनुमति अपने स्थान से न हटें, 24 घंटे सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए, लॉग बुक में प्रत्येक प्रवेश की जानकारी दर्ज हो तथा वेयरहाउस का वातावरण हमेशा सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्व को पूरी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ निभाएं।
इस अवसर पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी, ईवीएम कोषांग के वरीय पदाधिकारी, तकनीकी अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मी भी उपस्थित रहे।
