
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)27 सितंबर।विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर जिला खेल सह पर्यटन कार्यालय, दुमका द्वारा मसानजोर पर्यटन स्थल पर एक दिवसीय पर्यटन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए स्वच्छता ड्राइव चलाई गई। साथ ही पर्यटकों के आकर्षण के लिए फ्री बोट राइड का आयोजन किया गया, जिसमें पहले पाँच परिवारों को निःशुल्क सवारी के साथ गिफ्ट हेम्पर भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश सिन्हा, जिला खेल सह पर्यटन पदाधिकारी तुफान कुमार पोद्दार, थाना प्रभारी रानेश्वर, NSS नोडल पदाधिकारी डॉ. रूपम कुमारी सहित पर्यटन एजेंसी के अन्य कर्मीगण उपस्थित रहे।
इस आयोजन से पर्यटकों में खासा उत्साह देखा गया। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग को धन्यवाद दिया और मसानजोर को एक अद्वितीय पर्यटन स्थल बताया।
जिला खेल सह पर्यटन पदाधिकारी तुफान कुमार पोद्दार ने कहा कि-“भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन विभाग की ओर से निरंतर किया जाएगा ताकि मसानजोर देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शुमार हो सके और पर्यटक यहां आकर इस रमणीय स्थल का आनंद उठा सकें।”
