जलजमाव और शहरी आपदा प्रबंधन पर जोर, विभागों को समन्वित प्रयास का आह्वान।
RKTV NEWS/पटना ( बिहार)27 अगस्त।बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सभागार में आज नगर आपदा प्रबंधन से संबंधित एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष डॉ. उदयकांत ने की। बैठक में सदस्य पी.एन. राय, कौशल किशोर मिश्र, नरेंद्र कुमार सिंह, प्रकाश कुमार, प्राधिकरण के सचिव मो. वारिस खान सहित विभिन्न हितधारक विभागों एवं प्राधिकरण के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पटना नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, शहरी आवास एवं विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग सहित हितधारकों ने नगर आपदा प्रबंधन और जनहित से जुड़ी शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान हेतु किए जा रहें कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि नगरीय आपदा प्रबंधन योजना को सफल बनाने में सफाईसाथी, फोगिंग ऑपरेटर एवं कीटनाशक छिड़काव करने वाले कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके अथक प्रयासों से जलजमाव की निकासी, कचरा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट की समस्या, डेंगू-चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम हेतु प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर, पटना नगर निगम के तीन उत्कृष्ट योगदान देने वाले सफाईसाथियों क्रमशः विजय कुमार दास, सन्ना कुमार एवं सुधीर रविदास को प्राधिकरण द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं ₹2100/- की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। सदस्य कौशल किशोर मिश्र ने जलजमाव की शीघ्र निकासी, स्वच्छता बनाए रखने तथा वर्षा ऋतु में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए तीनों कर्मियों के योगदान की सराहना की।
प्राधिकरण ने पटना नगर निगम के जनहित से जुड़ी शिकायतों के समाधान हेतु किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की और विभिन्न विभागों को परस्पर समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया। चर्चा के दौरान पटना नगर निगम के वार्ड संख्या 2,32,44, 45,46,47 एवं 56 में जलजमाव की समस्या को विशेष रूप से चिन्हित किया गया। इसके त्वरित समाधान हेतु नगर निगम, नगर विकास एवं आवास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पीएचईडी और अन्य हितधारक विभागों को समन्वित प्रयास करते हुए स्थायी समाधान का निर्णय लिया गया।
बैठक में पटना नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, जल संसाधन विभाग, पीएचईडी ने पूर्व बैठक के कार्यवृत्त के अनुपालन पर जानकारियाँ दीं-
• पटना नगर निगम ने बताया कि 522 टीमों द्वारा लगातार फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा छिड़काव किया जा रहा है। 24×7 कंट्रोल रूम (टोल फ्री नं. 155304 एवं WhatsApp Chatbot नं. 9264447449) के माध्यम से जलजमाव, मैनहोल, कचरा आदि की शिकायतों का समाधान किया जा रहा है।
• स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दवाओं का पूर्व भंडारण, बाढ़ के दौरान त्वरित स्वास्थ्य सेवा, रोग उभर (outbreak) नियंत्रण, टीकाकरण, जल एवं स्वच्छता संबंधी उपाय और मानसिक स्वास्थ्य सहायता जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
• पीएचईडी ने बताया कि हर घर नल का जल योजना में 90% लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। जल स्रोतों के क्लोरीनीकरण, हैंडपंप कीटाणुशोधन, अस्थायी चापाकल, जल शोधन इकाइयाँ और केंद्रीकृत शिकायत निवारण प्रणाली के माध्यम से कार्य किया जा रहा है।
• नगर विकास एवं आवास विभाग ने नवीनतम तकनीक के माध्यम से भारी वर्षापात के पश्चात त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करने और पटना को शहरी बाढ़ से बचाने हेतु किए गए प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की, जिसे प्राधिकरण द्वारा सराहा गया।
सदस्य पी.एन. राय ने विभागों को नवीनतम तकनीक (AI/IoT आदि) का उपयोग कर आपदा जोखिम न्यूनीकरण के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया।
सदस्य नरेंद्र कुमार सिंह ने पाइपलाइन/सीवर लीकेज की निरंतर जाँच, नियंत्रण कक्ष के व्यापक प्रचार-प्रसार, कर्मियों को PPE किट उपलब्ध कराने, उत्कृष्ट कर्मियों को पुरस्कृत करने तथा संवेदनशील ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उनके स्थायी समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्राधिकरण सदस्य प्रकाश कुमार ने पटना नगर निगम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी विभाग पूरे मनोयोग से सम्मिलित प्रयास करें, ताकि बिहार में आपदा प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

