डॉ. प्रशांत झा को मिली कमान, ‘स्वस्थ राष्ट्र’ के लक्ष्य के साथ काम करेगी नई कार्यकारिणी।
RKTV NEWS/खैरागढ़(छत्तीसगढ़ )24 अगस्त। छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) में आरोग्य भारती संगठन का विस्तार किया गया है। पिपरिया स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आज हुई बैठक में प्रांत प्रमुख डॉ. दुलेश्वर भागवत साहू, राजनांदगांव जिला अध्यक्ष डॉ. अजय श्रीवास्तव और कोषाध्यक्ष डोमन साहू की उपस्थिति में केसीजी जिले की कार्यकारिणी का गठन किया गया।
इसमें विक्रांत सिंह, डॉ. निलेश जैन और डॉ. विशेश्वर साहू को संरक्षक बनाया गया है। डॉ. प्रशांत झा को अध्यक्ष, तिरथ कुमार चंदेल और अनुज देवांगन को उपाध्यक्ष बनाया गया है। डॉ. मनोज कंवर सचिव, गोरेलाल वर्मा सह सचिव, विनय देवांगन कोषाध्यक्ष और दिनेश वर्मा उप कोषाध्यक्ष होंगे। कृति वर्मा को महिला कार्य प्रमुख और शशांक ताम्रकार को मीडिया प्रभारी बनाया गया है।
आरोग्य भारती के राजनांदगांव जिला अध्यक्ष डॉ. अजय श्रीवास्तव ने संगठन की ओर से देश भर में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कहा कि संगठन का श्लोगन है- ‘स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार, स्वस्थ ग्राम, स्वस्थ राष्ट्र।’ उन्होंने बताया कि यह संगठन केवल बीमारियों का इलाज करने के बजाय शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ रहने पर जोर देता है। साथ ही आध्यात्मिक स्वास्थ्य, व्यसन मुक्ति, किशोरावस्था स्वास्थ्य और विद्यालय स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित करता है, साथ ही ‘आरोग्य मित्र’ प्रशिक्षण भी प्रदान करता है।
डॉ. दुलेश्वर भागवत साहू ने कहा कि यह अच्छी बात है कि केसीजी जिले की कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के विशेषज्ञ और समर्पण व सेवा भाव से कार्य करते रहे हैं। निश्चित रूप से जिले के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। डॉ. विशेश्वर साहू ने धन्यवाद ज्ञापन में कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम सभी मिलकर अपने बेहतर कार्य से जिले की पहचान प्रांत और राष्ट्र के स्तर तक बनाएंगे। बैठक में सुविमल श्रीवास्तव, महेंद्र वर्मा, रवींद्र पांडेय, मंथिर लाल वर्मा और जीवेंद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित थे।

