
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)14 अगस्त।उपायुक्त अभिजीत सिन्हा के निर्देशानुसार आज जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा प्रखंड परिसर स्थित खाद्यान्न गोदामों का एक साथ निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसरों की स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था और सुरक्षा की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों को गोदाम में सीसीटीवी कैमरे लगाने, शौचालय की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, खाद्यान्न को सुव्यवस्थित व सुरक्षित तरीके से रखने तथा प्रतिमाह समय पर खाद्यान्न के प्रेषण जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि इन निर्देशों का पालन अनिवार्य होगा और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह निरीक्षण अभियान जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, स्वच्छ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
