RKTV NEWS/पटना ( बिहार)30 जुलाई ।अंतर्राष्ट्रीय मानव व्यापार निरोध दिवस के अवसर पर कमजोर वर्ग प्रभाग द्वारा सरदार पटेल भवन स्थित सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन पुलिस महानिदेशक, बिहार द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक, कमजोर वर्ग एवं अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध अनुसंधान विभाग, बिहार, पटना भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक, बिहार, द्वारा अपने सम्बोधन में कमजोर वर्ग द्वारा मानव तस्करी एवं अनैतिक देह व्यापार से संबंधित अपराधों की रोकथाम हेतु किये गये प्रयासों और ऐसे मामलों में कृत कार्रवाई की सराहना की गई। उन्होंने मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार के उन्मूलन हेतु सभी हित धारकों को एक साथ मिलकर एक प्लेटफार्म पर कार्य करने पर बल दिया। कार्यक्रम के आयोजक कमजोर वर्ग प्रभाग के अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा बताया गया कि वर्ष 2025 के जनवरी से मई माह तक बिहार राज्य में मानव तस्करी एवं अनैतिक देह व्यापार से संबंधित कुल-231 काण्ड दर्ज किये गये, जिसमें 118 नाबालिग लड़कियों और 506 नाबालिग लड़कों को शोषण से मुक्त कराया गया है तथा 17 महिला समेत कुल 144 मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके द्वारा बताया गया कि मानव तस्करी के मामले में जिला पुलिस के मार्गदर्शन हेतु दो मानक कार्य प्रणाली (SOP) भी कमजोर वर्ग द्वारा निर्गत किया गया है।
इन्होंने आगे बताया कि मानव तस्करी एक संगठित अपराध है और विश्व के अपराध जगत में नशीले पदार्थों की तस्करी के बाद दूसरा सबसे बडा अवैध आय का श्रोत है।
कार्यशाला के दौरान इस विषय के विशेषज्ञों द्वारा सभी जिलों के नोडल पुलिस पदाधिकारियों पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (विशेष अपराध), सभी जिला मानव व्यापार निरोध इकाई के प्रभारी एवं सभी जिला के महिला थाना के थानाध्यक्षों को मानव व्यापार निरोध से जुड़े सभी हितधारकों की भूमिका एवं इससे जुड़े पहलुओं से अवगत कराया गया। साथ ही ट्रान्सजेन्डर से जुड़ी समस्याओं तथा उनके अधिकारों पर भी चर्चा हुई। ट्रांसजेन्डर अधिनियम-2019 तथा इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा निर्गत SOP की भी जानकारी दी गई। कार्यशाला के दौरान मानव व्यापार से संबंधित मामलों में सराहनीय कार्यों के लिए पुलिस महानिदेशक, बिहार द्वारा 1. पुलिस अधीक्षक, सारण 2. पुलिस अधीक्षक, रोहतास 3. पुलिस अधीक्षक, रेल पटना एवं 4. नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पुलिस महानिदेशक, बिहार द्वारा इस अवसर पर मानव व्यापार के पीड़ित 03 Survivors, जिसमें 01 समस्तीपुर एवं 02 गया के हैं, को भी सम्मानित किया गया।
अंतर्राष्ट्रीय मानव व्यापार निरोध दिवस के अवसर पर नाबालिग लड़कियों को मानव व्यापार से रोकथाम एवं यौन शोषण से मुक्ति अभियान की कार्रवाई हेतु दिनांक-31.07.25 से 14.08.25 (स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या) तक ऑपरेशन “नया सवेरा” चलाने की घोषणा बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा की गई है, जिसमें मानव व्यापार, बाल श्रम, रेड लाइट एरिया एवं ऑर्केस्ट्रा ग्रुप से पीड़ित/पीड़िताओं के मुक्ति एवं पुनर्वास हेतु सघन्य समकालीन अभियान चलाया जायेगा। इस अभियान में सर्वश्रेष्ठ प्रदेर्शन करने वाले दो जिलों को पुलिस मुख्यालय स्तर से पुरस्कृत किया जायेगा।
