
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 26 जुलाई। जवइनिया गाँव के कटाव प्रभावित परिवारों से मिले आरा सांसद सुदामा प्रसाद। सांसद सुदामा प्रसाद ने हो रहे कटाव का मुआयना किया। उन्होंने जवइनिया बांध तथा दामोदरपुर बांध पर शरण लिए विस्थापित परिवारों से मिलकर उनका दुख-दर्द सुना। उन्होंने सरकार द्वारा चलाये जा रहे सामुदायिक किचेन का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सरकार विस्थापित परिवारों को तत्काल ऊँचे स्थान पर जमीन उपलब्ध कराकर घर बनाने के लिए पांच लाख रुपया दे। उन्होंने कहा कि एक लाख बीस हजार रूपया से घर नहीं बनेगा। विस्थापित परिवारों की बांध पर दुर्दशा देखकर दंग रह गये सांसद सुदामा प्रसाद। लोग खुले आसमान के नीचे जमीन पर बिछाकर सो रहे हैं। जानवरों, सांप-बिच्छू तथा कीड़ा-मकोड़ों के भय से सशंकित हैं लोग।
