
RKTV NEWS/आरा (भोजपुर)03 मार्च।आज जिला पदाधिकारी भोजपुर, तनय सुल्तानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और उनकी अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। इन योजनाओं में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन कार्ड), आंगनबाड़ी सेवाएं, औपचारिक शिक्षा हेतु विद्यालय में दाखिला, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), आयुष्मान भारत कार्ड, हेल्थ कैंप, तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाएं जैसे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना और कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना शामिल थीं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर चर्चा की और सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी महादलित टोलों का रोस्टर तैयार कर विशेष कैंपों के माध्यम से सरकार की सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लोगों तक सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को विभिन्न विभागों के लंबित एनओसी को अविलंब समन्वय स्थापित कर निर्गत करने का निर्देश दिया।
जिले में सेक्स रेश्यो बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) को निर्देश दिया कि वे हर वार्ड में अधिक से अधिक संख्या में फॉर्म-6 भरवाने हेतु प्राथमिकता के आधार पर विशेष कैंप आयोजित करें। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने मुखिया, वार्ड सदस्य, जन वितरण प्रणाली विक्रेता, जीविका समूह और आंगनबाड़ी सेविकाओं के सहयोग से कार्य सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही, भूमि सुधार उपसमाहर्ताओं एवं अनुमंडल पदाधिकारियों को इन सभी कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
इस बैठक में अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक निदेशक (सामाजिक सुरक्षा), डीआरडीए डायरेक्टर, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सभी अंचलाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायती राज पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर निकाय पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
