
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 22जून। भोजपुर जिला के शाहपुर नगर पंचायत कार्यालय के सभागार मे शुक्रवार को नये कार्यपालक पदाधिकारी, मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद सहित 9 वार्ड पार्षदों की उपस्थिति मे बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। दो पार्षदों की सदस्यता रद्द होने के कारण वे बैठक में उपस्थित नहीं हुए। बैठक में मुख्य पार्षद द्वारा 6 एजेंडों पर विचार विमर्श हेतू बैठक बुलाई गई थी। बैठक में कार्यवाही पंजी पर वित्तीय निकासी केवल मुख्य पार्षद के अनुमोदन पर किये जाने के निर्णय का उप मुख्य पार्षद सहित सभी नौ पार्षदों ने जमकर विरोध जताया और कहा कि सशक्त स्थाई समिति से अनुमोदन होने के बाद या नगरपालिका अधिनियम के अंतर्गत दिए गये प्रावधानों के अनुरूप वित्तीय निकासी होनी चाहिए। इस पर मुख्य पार्षद जुगनू देवी भड़क गईं और बैठक के दौरान कार्यवाही पंजी पर लिखे गए प्रस्ताव को क्लोज किए बिना ही बैठक छोड़कर चली गईं। मुख्य पार्षद द्वारा बैठक छोड़कर जाने के बावजूद भी बैठक देर रात तक चली। उप मुख्य पार्षद झुनिया देवी समेत सभी नौ पार्षद बैठक में डटे रहे। बैठक दोपहर 12 बजे से लेकर रात के 9:00 बजे तक चली। शाहपुर नगर पंचायत के इतिहास में पहली बार मैराथन बैठक चली। कार्यपालक पदाधिकारी निशात आलम ने उप मुख्य पार्षद समेत पार्षदों को बताया कि मुख्य पार्षद आ रही हैं और बैठक का समापन करेंगी। लेकिन रात 8:30 बजे तक मुख्य पार्षद बैठक में उपस्थित नहीं हुईं। उप मुख्य पार्षद समेत वार्ड पार्षदों ने कहा कि किसी भी योजना अथवा कार्य को बोर्ड की बैठक में ही तय किया जायेगा। उप मुख्य पार्षद सहित सभी नौ वार्ड पार्षदों ने कहा कि बैठक का रजिस्टर बंद किये बिना नहीं जायेंगे चाहे कितने दिनों भी नगर पंचायत कार्यालय में रहना पड़े। मुख्य पार्षद द्वारा बैठक बुलाकर स्वयं बैठक का बहिष्कार किए जाने पर उप मुख्य पार्षद के नेतृत्व में सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों तथा वार्ड पार्षदों के निर्णय के आलोक में कार्यपालक पदाधिकारी निशात आलम ने लिखे गए प्रस्ताव को रद्द करते हुए कार्यवाही पंजी को क्लोज किया। मुख्य पार्षद के मनमाने रवैया तथा कार्य शैली का उप मुख्य पार्षद तथा 9 वार्ड पार्षदों ने जमकर विरोध किया और सभी एकजुट दिखे। उप मुख्य पार्षद झुनिया देवी ने कहा कि बैठक मे कार्यवाही पंजी पर उपस्थिति के नाम पर पार्षदों से हस्ताक्षर ले लिया जाता है और बाद में उस पर मनमाने तरीके से योजना लिख दी जाती है। हम लोगों ने निर्णय लिया है कि कार्यवाही पंजी हम लोगों की उपस्थिति में ही लिखा और पढ़ा जायेगा और फिर इसे क्लोज किया जायेगा। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी निशात आलम, उप मुख्य पार्षद झुनिया देवी, वार्ड पार्षद मनोज पासवान, शाहिद अनवर उर्फ सगीर, देवंती देवी, कामेश्वर राज, हीरालाल पांडे, संजय चतुर्वेदी, बबीता देवी, नीलू देवी, आरती देवी आदि उपस्थित थे।
