RK TV News
खबरें
Breaking News

भोजपुर:रेलवे स्टैंडिंग कमिटी की बैठक में सांसद सुदामा प्रसाद ने उठाए आरा एवं शाहाबाद क्षेत्र की रेल समस्याओं के मुद्दे, रेलमंत्री को भी लिखा पत्र।

आरा से दिल्ली नई जनसाधारण ट्रेन, आरा जंक्शन पर डोरमेट्री, प्रमुख ट्रेनों के ठहराव व विस्तार, आरा–सासाराम दोहरीकरण, आरा–बलिया सहित लंबित रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग।

RKTV NEWS/आर(भोजपुर)9 सितंबर।आरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुदामा प्रसाद ने रेलवे स्टैंडिंग कमिटी की बैठक में भोजपुर, बक्सर, रोहतास एवं औरंगाबाद सहित पूरे शाहाबाद क्षेत्र की रेल समस्याओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सांसद ने इन मांगों को लेकर रेल मंत्री को पत्र भी भेजा है।

सांसद ने कहा कि शाहाबाद क्षेत्र की आबादी लगातार बढ़ रही है, लेकिन रेलवे की यात्री सुविधाएं और रेल सेवाएं लोगों की जरूरत के अनुरूप विकसित नहीं हुई हैं। आरा एवं आसपास के लाखों यात्रियों, विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए रेल सेवाओं का विस्तार और आधारभूत संरचनाओं का आधुनिकीकरण जरूरी है।

आरा से दिल्ली नई जनसाधारण ट्रेन की मांग

सांसद ने जनसाधारण वर्ग के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आरा से दिल्ली के लिए नई जनसाधारण ट्रेन शुरू करने की मांग की है। साथ ही आरा जंक्शन पर डोरमेट्री का निर्माण कराने तथा स्टेशन परिसर के निकट सुव्यवस्थित ऑटो स्टैंड एवं पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की। आरा स्टेशन परिसर में पार्किंग के नाम पर यात्रियों से की जा रही कथित अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाने तथा स्टेशन परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की भी मांग की गई।

आरा–बलिया रेल परियोजना शीघ्र पूरी करने की मांग
सांसद ने केंद्रीय बजट में प्रस्तावित आरा–बलिया नई रेल लाइन परियोजना का निर्माण शीघ्र शुरू/पूरा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भोजपुर एवं बलिया क्षेत्र के लोगों की यह छह दशक पुरानी मांग है। इस परियोजना के पूरा होने से आरा एवं आसपास के क्षेत्रों से बलिया की यात्रा दूरी लगभग 40 किलोमीटर कम होगी तथा समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

उन्होंने कहा कि भोजपुर और बलिया आज तक सड़क-पुल मार्ग से भी सीधे नहीं जुड़ पाए हैं। सड़क मार्ग से बलिया जाने के लिए बक्सर होकर जाना पड़ता है, जबकि रेल यात्रा में पाटलिपुत्र या हाजीपुर होकर जाना पड़ता है। आरा–बलिया रेल लाइन बनने से सीमावर्ती बिहार एवं उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में व्यापार, कृषि, लघु उद्योग और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा दियारा क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा।

प्रमुख ट्रेनों के ठहराव एवं विस्तार की मांग

सांसद ने कहा कि पिछले एक वर्ष से आरा स्टेशन पर विभिन्न महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव, ट्रेनों के विस्तार तथा पटना/दानापुर से आरा के लिए अतिरिक्त यात्री ट्रेनों की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई उल्लेखनीय प्रगति नहीं हुई है।

उन्होंने प्रमुख ट्रेनों के आरा में ठहराव तथा कुछ ट्रेनों के आरा तक विस्तार की मांग की है। इनमें राजधानी एक्सप्रेस, पटना–इंदौर एक्सप्रेस, अकालतख्त एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, अनन्या एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, राजेंद्र नगर–हावड़ा एक्सप्रेस, नई दिल्ली–हावड़ा दुरंतो, गंगा-दामोदर एक्सप्रेस तथा पटना–हावड़ा जनशताब्दी सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।

सांसद ने भागलपुर–दानापुर इंटरसिटी को आरा होते हुए बक्सर तक विस्तारित करने की भी मांग की।

विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों के लिए अतिरिक्त ट्रेन

आरा–बक्सर क्षेत्र से पटना में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों के लिए रियायती मासिक एवं त्रैमासिक रेल पास की व्यवस्था करने की मांग की गई।

सांसद ने बताया कि शाम 7:30 बजे के बाद पटना/दानापुर से आरा के लिए पर्याप्त यात्री ट्रेन उपलब्ध नहीं है और अगली सीधी सवारी गाड़ी लगभग 10:10 बजे मिलती है। इसलिए शाम 7:30 से 10:10 बजे के बीच नई पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की गई है।

इसी प्रकार सासाराम से आरा के लिए शाम 4 बजे नई पैसेंजर/MEMU ट्रेन शुरू करने की मांग की गई।

आरा–सासाराम रेलखंड का दोहरीकरण एवं स्टेशनों का विकास

सांसद ने आरा–सासाराम रेलखंड के दोहरीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा कसाप, गड़हनी, पीरो, हसन बाजार, चरपोखरी सहित सभी स्टेशनों एवं हाल्टों का यात्री सुविधाओं के अनुरूप विकास करने की मांग की।
हसन बाजार हाल्ट को पूर्ण रेलवे स्टेशन का दर्जा, पर्याप्त लंबाई एवं ऊंचाई वाले प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, पेयजल, शौचालय, प्रकाश, बैठने की व्यवस्था, टिकट काउंटर तथा प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई।

पीरो स्टेशन को मॉडल स्टेशन, गड़हनी स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त करने, प्लेटफॉर्म का उन्नयन एवं पहुंच पथ का पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई। गड़हनी में आरा–रांची एक्सप्रेस का ठहराव तथा चरपोखरी में इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव कराने की भी मांग की गई।
कसाप, नोनार, सेमराव सहित अन्य हाल्टों पर पूर्व में बंद किए गए पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव को बहाल करने की मांग की गई।

छोटे स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव

सांसद ने आरा से बक्सर तथा आरा से पटना के बीच के छोटे स्टेशनों की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अनेक स्टेशनों के प्लेटफॉर्म जर्जर और ऊबड़-खाबड़ हैं। यात्रियों के बैठने, पेयजल और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
उन्होंने सभी छोटे स्टेशनों पर स्थायी यात्री शेड, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, वाटर कूलर, महिला एवं पुरुष शौचालय, पर्याप्त प्रकाश, रैंप तथा दिव्यांग यात्रियों के लिए सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की मांग की।
रात में पर्याप्त प्रकाश नहीं होने के कारण यात्रियों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है, इसलिए सभी स्टेशनों पर प्रकाश व्यवस्था एवं आवश्यकता के अनुसार CCTV तथा RPF/GRP की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई।

विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेन ठहराव की मांग

बिहिया स्टेशन पर पटना–कोटा एक्सप्रेस, गुवाहाटी–लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, हावड़ा–अमृतसर मेल, संघमित्रा एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस तथा पटना–नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस सहित प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई।
बनाही स्टेशन पर विभूति एक्सप्रेस, काशी–पटना जनशताब्दी, बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, पटना–बक्सर फास्ट पैसेंजर तथा आरा–वाराणसी पैसेंजर के ठहराव की मांग की गई। साथ ही बनाही स्टेशन का सौंदर्यीकरण कराने की मांग की गई।

ROB/RUB और यातायात से जुड़ी मांगें

सांसद ने आरा–चांदी पथ पर जमीरा हॉल्ट के समीप ओवरब्रिज निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि आरा से चांदी जाने का प्रमुख रास्ता रेलवे अंडरपास है, जिसमें बरसात के दौरान पानी भर जाने से आवागमन बाधित होता है।

कुल्हड़िया स्टेशन के निकट ओवरब्रिज से स्टेशन तक पहुंचने के लिए सीढ़ी निर्माण, प्लेटफॉर्म संख्या-3 के बाद टिकट काउंटर खोलने तथा कारीसाथ रेलवे स्टेशन के पश्चिमी अंडरपास पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की गई।

आरा–सासाराम मुख्य मार्ग पर बनगांव में रेलवे गुमटी के पास ROB निर्माण की मांग भी रखी गई।

आरा–भभुआ रोड–मुंडेश्वरी धाम सहित नई रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता

सांसद ने आरा–भभुआ रोड–मुंडेश्वरी धाम रेल परियोजना सहित शाहाबाद क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की मांग की।

इसके अलावा डेहरी–डुमरांव–बलिया रेल परियोजना, औरंगाबाद–बिहटा रेल लाइन, डेहरी ऑन सोन–बंजारी–तिहरा–पिपराडीह रेल लाइन को चोपन तक विस्तार, डेहरी ऑन सोन–नासरीगंज–विक्रमगंज–डुमरांव–बलिया रेल लाइन तथा डालमियानगर रेल कारखाना से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र आगे बढ़ाने की मांग की गई।

डेहरी स्टेशन पर कोरोना काल से पहले ठहराव वाली ट्रेनों के ठहराव को बहाल करने तथा कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी की गई।

किसानों और व्यापारियों के लिए माल ढुलाई की सुविधा
सांसद ने आरा–सासाराम रेलखंड को भविष्य की यात्री एवं माल ढुलाई आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित करने की मांग की। पीरो, हसन बाजार, गड़हनी एवं आसपास के कृषि क्षेत्रों में उत्पादित धान, चावल, सब्जी और अन्य कृषि उत्पादों की रेल के माध्यम से देश के विभिन्न बाजारों तक ढुलाई के लिए गुड्स शेड एवं माल लदान केंद्र विकसित करने की मांग की गई।
उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय किसानों, व्यापारियों और छोटे उद्योगों को बड़ा लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
रेलवे कर्मचारियों के लिए भी सुविधाओं की मांग

सांसद ने आरा जंक्शन सेक्शन के इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त गैंगहाट/रेस्ट सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि कर्मचारी गर्मी, बरसात और दिन-रात रेलवे के निर्माण एवं रखरखाव कार्य में लगे रहते हैं, लेकिन उनके सामान रखने, ड्रेस बदलने और कार्य के बीच आराम करने के लिए कोई निश्चित स्थान नहीं है।

आरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर नए बुकिंग कार्यालय में शौचालय निर्माण की मांग करते हुए कहा कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों को शौच के लिए कार्यालय छोड़कर बाहर जाना पड़ता है, जो असुविधाजनक और शर्मिंदगी का कारण है।

इसी प्रकार टिकट चेकिंग स्टाफ/TTE के लिए रनिंग रूम एवं रेस्ट रूम की व्यवस्था करने की मांग की गई, ताकि कार्य प्रारंभ करने से पहले, कार्य समाप्ति के बाद अथवा कार्य के अंतराल में कर्मचारी विश्राम एवं आवश्यक सुविधाओं का उपयोग कर सकें।

सांसद ने कहा—शाहाबाद की रेल व्यवस्था को समग्र रूप से विकसित करना जरूरी सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि रेलवे केवल यातायात का साधन नहीं बल्कि क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक और औद्योगिक विकास की रीढ़ है। इसलिए आरा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास एवं औरंगाबाद को जोड़ने वाली रेल व्यवस्था का समग्र विकास जरूरी है।
उन्होंने रेल मंत्रालय से मांग की कि सभी प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए आरा–सासाराम रेलखंड के दोहरीकरण, नई रेल परियोजनाओं, ट्रेन ठहराव एवं विस्तार, नई यात्री ट्रेनों तथा स्टेशनों की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।

सांसद ने कहा कि कसाप–गड़हनी–पीरो–हसन बाजार क्षेत्र को एक समेकित रेलवे विकास कॉरिडोर के रूप में विकसित करने तथा पूरे शाहाबाद क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए दीर्घकालीन मास्टर प्लान तैयार किया जाना चाहिए।

Related posts

भोपाल:महिला सुरक्षा के नाम पर लूट! परिवहन विभाग की वीएलटीडी योजना सवालों के घेरे में : संतोष सिंह परिहार

rktvnews

जिलाधिकारी राजीव रौशन की अध्यक्षता में स्पॉन्सरशिप योजना को लेकर बैठक संपन्न।

rktvnews

खेलो से मानसिक ,शारीरिक के साथ-साथ आपसी प्रेम और सद्भाव की भावनाओं का होता है विकास:रघुपति यादव

rktvnews

भोजपुर: विभिन्न कार्यक्रमों में पूर्व केंद्रीय मंत्री हुए शामिल।

rktvnews

वी-गार्ड ने लॉन्च की एयरविज़ सीरीज़: स्टाइलिश, दमदार और एनर्जी-एफिशिएंट बीएलडीसी पंखों का नया दौर शुरू।

rktvnews

श्री नितिन गडकरी ने गाजियाबाद-अलीगढ़ एक्‍सप्रेसवे पर 100 घंटे में 100 लेन किलोमीटर में बिटुमिनस कंकरीट बिछाने के लिए टीम को बधाई दी

rktvnews

Leave a Comment