
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)17 अगस्त।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भोजपुर जिले के भूमिहीन परिवारों के लिए बड़ी सौगात सामने आई। अभियान बसेरा के तहत जिले में 1048 भूमिहीन परिवारों के बीच भूमि का पर्चा वितरित किया गया। इससे लाभुक परिवारों को आवास निर्माण एवं सम्मानजनक तथा स्थायी बसावट की दिशा में महत्वपूर्ण आधार मिला है।आरा में बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के मंत्री-सह-भोजपुर के प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद एवं जिला पदाधिकारी तनय सुल्तानिया ने भूमिहीन लाभुकों के बीच पर्चा वितरित कर की।प्रभारी मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि भूमि का पर्चा भूमिहीन परिवारों के लिए महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि सम्मान, अधिकार और सुरक्षित भविष्य का आधार है। जिला पदाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र भूमिहीन परिवार अपने अधिकार से वंचित न रहे। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, भोजपुर सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।1048 परिवारों को भूमि का अधिकार मिलना सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में जिले की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

