
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा) 16 अगस्त। सांसद सुदामा प्रसाद ने आज आरा सदर अस्पताल का दौरा कर अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनके इलाज की स्थिति का जायजा लिया। सांसद ने मरीजों से उनकी तबीयत, चल रहे इलाज, अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा इलाज के दौरान आ रही समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
उन्होंने अस्पताल में भर्ती सहार प्रखण्ड के एकवारी निवासी महेश राम, अगिआंव प्रखंड के नाड़ी निवासी देवंती देवी सहित वार्ड में भर्ती सभी मरीजों से जानकारी लिया।
इस दौरान सांसद ने उपस्थित चिकित्सकों एवं नर्सिंग कर्मियों से मरीजों के इलाज और उनकी स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, जांच, चिकित्सा सुविधाओं तथा मरीजों को मिल रही सेवाओं के बारे में भी जानकारी ली।
सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने की आवश्यकता है।
उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से मरीजों के साथ मानवीय और संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनके परिजनों को बीमारी, इलाज की प्रक्रिया और आवश्यक सावधानियों के संबंध में उचित एवं स्पष्ट जानकारी देने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि मरीज और उनके परिजन पहले से ही बीमारी और आर्थिक परेशानियों के कारण तनाव में रहते हैं, इसलिए अस्पताल में उनके साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाना जरूरी है।
सांसद ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान सांसद के निजी सहायक चन्दन कुमार, भाकपा-माले जिला कार्यालय सचिव दिलराज प्रीतम, भोजपुर के सिविल सर्जन, प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. प्रतीक, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. शैलेन्द्र, नागेंद्र चौधरी, स्वास्थ्य कर्मी रंजन सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

