
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर)16 अगस्त।स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मालती तकनीकी एवं सामाजिक कल्याण संस्थान द्वारा संचालित डॉ. पीसी निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण संस्थान में हर्षोल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की एमडी मालती गुप्ता, सचिव सत्यप्रकाश, निदेशक डॉ. विकास कुमार एवं यूटीआई प्रतिनिधि श्री रामजी कुमार द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित छात्र-छात्राओं को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए अतिथियों ने शिक्षा, तकनीकी ज्ञान, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
मालती गुप्ता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सचिव सत्यप्रकाश ने कंप्यूटर संस्थान में संचालित प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा के महत्व के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर एवं तकनीकी ज्ञान प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है।
निदेशक डॉ. विकास कुमार ने कहा कि आज के युवा तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने मोबाइल फोन के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज एक ही परिवार में मां, पिता, भाई-बहन सभी अपने-अपने मोबाइल में व्यस्त रहते हैं और आपस में संवाद का समय कम होता जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल का उपयोग ज्ञान, शिक्षा और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सच्ची स्वतंत्रता तभी सार्थक है, जब हम तकनीक के गुलाम बनने के बजाय तकनीक का सही उपयोग करना सीखें। विद्यार्थियों को अपने समय का सदुपयोग करते हुए शिक्षा, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए एक विशेष प्रस्तुति एवं संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें स्वतंत्रता, शिक्षा, तकनीकी विकास, डिजिटल अनुशासन और युवाओं की जिम्मेदारी जैसे विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम वह सफल बनाने में वैभव, अर्पिता, दुर्गावती, रोहित, आकाश, श्रवण ,आशा अरिहंत ,प्रमोद, अमन ,मृगशि, वेदांत प्रकाश, श्री चैतन्य प्रकाश के साथ बड़ी संख्या में छात्राएँ एवं छात्र उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और देश के विकास में योगदान देने के संकल्प के साथ किया गया।

