
RKTV NEWS/बक्सर ( बिहार)16 अगस्त।देशभक्ति की भावना अपने देश के प्रति प्रेम, निष्ठा, आदर और समर्पण का अनमोल भाव है। यह केवल सरहद पर लड़ने तक सीमित नहीं है। देशहित को सर्वोपरि रखकर ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करना राष्ट्र के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देती है।
उक्त बातें राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. कन्हैया प्रसाद राय ने कही। अवसर था 80वां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय में आजादी के महोत्सव कार्यक्रम का। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने वंदेमातरम का गान किया।
प्रधानाध्यापक डॉ. कन्हैया प्रसाद राय ने झंडोतोलन किया एवं छात्राओं व शिक्षकों ने जन गण मन का गान कर तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर कक्षा दसवीं की छात्राओं ने विद्यालय गीत, स्वागत गीत व देशभक्ति गीत को अपने अपने स्वरों में प्रस्तुति कर अद्भुत समां बाँधा। वही कक्षा नवीं की छात्राओं ने देशभक्ति गीत ” विश्व गगन में सितारों का सितारा देश हमारा व समूह नृत्य के माध्यम से खूब वाहवाही लूटी।
तिरंगा जे देशवा के शान ह हमरे हिंदुस्तान ह न गीत पर छात्राओं के मनोहारी नृत्य ने तिरंगे के तीनो रंगों की भावना को प्रदर्शित किया। कक्षा ग्यारह की छात्राओं ने प्रसिद्ध गीत ए मेरे वतन के लोगों जरा आँख में भर लो पानी को प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया।
ललित कला शिक्षिका सुनीता कुमारी के नेतृत्व में विद्यालय की छात्राओं ने हस्त शिल्प व चित्रकला प्रदर्शनी लगाई जिसका अतिथियों व विद्यालय के पूर्व प्राचार्य समेत शिक्षकों ने न केवल अवलोकन किया बल्कि भूरि भूरि प्रसंशा भी की। मंच संचालन विद्यालय की छात्राओं ने व धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ शिक्षक पवन तिवारी ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं समेत भारी संख्या में छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहें।

