
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)15 अगस्त।जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित आदिवासी कार्ययोगी अभियान के तहत जिलाधिकारी, भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया के निर्देश पर बिहिया एवं शाहपुर प्रखंडों के जनजातीय बहुल 34 गांवों में 13 एवं 14 अगस्त को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।जनसुनवाई का आयोजन चिन्हित आदिवासी सेवा केंद्रों पर किया गया। कार्यक्रम से पूर्व विकास मित्रों एवं आदिवासी कार्ययोगी स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को अभियान के उद्देश्यों तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राशन, पेंशन, आय, निवास एवं जाति प्रमाण-पत्र, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र से संबंधित अपनी समस्याएं एवं आवेदन अधिकारियों के समक्ष रखे।अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं समस्याओं के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए।

