
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)15 अगस्त।महंथ महादेवानंद एम.एम. महिला महाविद्यालय, आरा में स्नातक प्रथम सेमेस्टर, सत्र 2026–30 की नवागंतुक छात्राओं के लिए शुक्रवार को अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, पाठ्यक्रम, विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. डॉ. रामकृष्ण ठाकुर, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. नरेंद्र प्रताप पालित, आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. विजयश्री, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सादिया हबीब एवं डॉ. अनुपमा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की पत्रिका ‘आद्या’ का भी लोकार्पण किया गया।
प्राचार्य प्रो. नरेंद्र प्रताप पालित ने नवागंतुक छात्राओं का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण समय है। छात्राओं को नियमित अध्ययन के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हुए अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए उपलब्ध अवसरों का भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
मुख्य अतिथि कुलसचिव प्रो. डॉ. रामकृष्ण ठाकुर ने कहा कि समाज की संरचना महिला और पुरुष दोनों मिलकर करते हैं। बच्चों के भविष्य एवं संस्कार निर्माण में माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि आज की छात्राएँ शिक्षा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और समाज का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने नवागंतुक छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।डॉ. अनुपमा ने छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) एवं CBCS प्रणाली की जानकारी दी।
मंच संचालन डॉ. विजयश्री ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनुपमा ने किया। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं स्नातक प्रथम सेमेस्टर की छात्राएँ उपस्थित रहीं।

