
आरा/भोजपुर ( डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)03 अगस्त। भगवान महावीर मार्ग स्थित श्री दिगंबर जैन चंद्रप्रभु मंदिर में रविवार को आचार्य सुलभ सागर जी महाराज ससंघ का पावन वर्षायोग कलश स्थापना एवं जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जैन श्रद्धालु उपस्थित रहे।शुरुआत जिनेंद्र भगवान के अभिषेक, पूजन एवं शांतिधारा से हुई। इसके बाद 48 दिवसीय भक्तामर विधान का शुभारंभ किया गया। दोपहर में चातुर्मास के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सासाराम के जिला न्यायाधीश अनुज कुमार जैन शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री का पाद प्रक्षालन, पुष्पवृष्टि, मंगल आरती, शास्त्र भेंट एवं पिच्छी भेंट कर स्वागत किया।मीडिया प्रभारी निलेश कुमार जैन ने बताया कि आचार्य संघ में शामिल ब्रह्मचारिणी निर्मला दीदी को आचार्य सुलभ सागर जी महाराज के करकमलों से जैनेश्वरी दीक्षा प्रदान की गई। प्रथम कलश स्थापना का सौभाग्य राजीव कुमार जैन (फिरोजाबाद) को प्राप्त हुआ, जबकि द्वितीय एवं तृतीय कलश उमा–परेश चंद्र जैन द्वारा स्थापित किए गए। इसके अलावा 48 श्रद्धालुओं ने भक्तामर मंगल कलश स्थापित किए। संचालन डॉ. शशांक जैन ने किया।
