शंकर शाह-रघुनाथ शाह के अदम्य साहस और स्वाभिमान को किया स्मरण, प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि।
भोपाल/मध्यप्रदेश ( मनोज कुमार प्रसाद) 18 सितंबर। अमर शहीद राजा शंकर शाह एवं कुंवर रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) मध्यप्रदेश द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर दोनों वीर सपूतों के अदम्य साहस, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण को नमन किया गया।
भोपाल स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सचिव सुरेंद्र त्यागी ने शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह की वीरता, संघर्ष और स्वाभिमान की गाथा का स्मरण करते हुए उनके बलिदान को देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और मातृभूमि के लिए दोनों अमर शहीदों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा।
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं जिला महासचिव राहुल सोलंकी ने संभालीं। इस अवसर पर प्रदेशभर में जदयू के पदाधिकारियों, सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने भी अमर शहीद शंकर शाह एवं रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके योगदान को नमन किया।

