
आरा/भोजपुर (डॉ दिनेश प्रसाद सिन्हा)03 अगस्त। जिला प्रशासन, भोजपुर एवं मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एस.बी. कॉलेज, आरा में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने देशभर के युवाओं से नशामुक्त भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में विभिन्न महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), एनसीसी, स्वयंसेवी संगठनों, युवा मंडलों, शिक्षकों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। उपस्थित युवाओं ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बिहार विधानसभा के सदस्य महेश पासवान, जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, उप विकास आयुक्त अरुण प्रकाश, डायरेक्टर एनईपी, जिला युवा अधिकारी संजना वत्स तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल भूषण उपस्थित रहे।जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
नशे के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही प्रत्येक प्रतिभागी से अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने तथा कम-से-कम दस अन्य लोगों को इस अभियान से जोड़ने का आग्रह किया गया।जिला युवा अधिकारी संजना वत्स ने बताया कि सभी प्रतिभागियों ने ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ की सामूहिक शपथ ली। उन्होंने कहा कि युवाओं ने स्वयं नशा नहीं करने, दूसरों को भी जागरूक करने तथा स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
