
RKTV NEWS/दुमका (झारखंड)25 मई।समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न विभागों के तकनीकी पदाधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित निर्माण कार्यों, पेयजल योजनाओं एवं अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागो को निर्देशित किया कि जिले में संचालित सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने विशेष रूप से पूर्ण हो चुके आंगनबाड़ी केंद्रों एवं अन्य सरकारी भवनों की भौतिक जांच करते हुए उन्हें संबंधित विभागों को अविलंब हैंडओवर करने का निर्देश दिया, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि उपयोग के लिए तैयार भवनों को लंबित रखना उचित नहीं है और सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।
बैठक में विभिन्न मदों से जिले में संचालित पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं को पूर्ण करते हुए शीघ्र चालू कराया जाए तथा पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
