मंडल डैम से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास आदि संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश।

सभी आवश्यक निर्माण कार्यों को मूर्त रूप देने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को उपायुक्त ने किया निदेशित।
RKTV NEWS/गढ़वा (झारखंड)11 मई।उपायुक्त गढ़वा अनन्य मित्तल ने आज समाहरणालय स्थित सभागार में शहीद नीलाम्बर पीताम्बर उत्तरी कोयल परियोजना (मण्डल डैम) के अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने हेतु समीक्षा बैठक का आयोजन किया, जिसमें उक्त परियोजना से संबंधित सभी पदाधिकारी उपस्थित थें। गत बैठक में दिए निर्देशों के अनुपालन संबंधी प्रतिवेदन से अवगत होकर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई। साथ ही बैठक के दौरान उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कंसलटेंसी एजेंसी मैनटेक द्वारा समर्पित प्रतिवेदनों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। परियोजना अंतर्गत आ रही समस्याओं और सुझावों को सुना। उपायुक्त ने पुनर्स्थापित होने वाले परिवारों के साथ-साथ पहले से निवास कर रहे ग्रामीणों के लिए भी सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, शमशान, मंदिर, तालाब, खेल के मैदान सहित अन्य सभी मूलभूत एवं विकासपरक योजनाओं को सुनिश्चित करते हुए समग्र विकास करने हेतु निर्देशित किया। उपायुक्त ने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि किसी को भी विस्थापन के कारण कठिनाई न हो और सभी को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराया जाए। मंडल डैम के डुब क्षेत्र से हो रहे विस्थापित व्यक्तियों के पूनर्वास के संदर्भ में रंका अंचल के मौजा-विश्रामपुर एवं रमकण्डा अंचल के मौजा-बलिगढ़ में पुनर्वास स्थल पर समुचित आधारभूत संरचना हेतु चिन्हित स्थल का समतलीकरण, रोड, सिंचाई, तालाब, आँगनबाड़ी केन्द्र, सरना/मसना/पूजा स्थल, धुमकुड़िया भवन, विद्युत व्यवस्था एवं पेयजल इत्यादि जैसे मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में तेज़ी से कार्य करने हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया। उक्त कार्यों में तेजी लाने के लिए उपायुक्त ने सभी बुनियादी निर्माण कार्य के लिए तैयार किये गये रूप रेखा को भौतिक तौर पर मूर्त रूप देने का निदेश दिया। इसके लिए आगामी बैठक तक सभी निर्माण किये जाने वाले संरचनाओं का डीपीआर तैयार कर अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उक्त कार्यों में तेजी लाने हेतु उपायुक्त ने आगामी बैठक तक सभी प्रभावित परिवारों को मुआवजा की राशि शत प्रतिशत भुगतान करने का निर्देश दिया। वन अधिकार समिति के स्वीकृति, लैंड डायवर्शन का कार्य एवं कुल शेष 338 बेनिफिसियरीज के खाते में मुआवजा राशि का भुगतान नेक्स्ट मीटिंग के पहले करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया।
बैठक के दौरान परियोजना से संबंधित पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि 12 में से 10 गेट तैयार कर लिए गए हैं, उनका निरीक्षण किया जा चुका है और उन्हें बांध स्थल पर पहुँचा दिया गया है। साथ ही बताया गया कि विस्थापित सभी 338 लाभुकों का नियमानुसार राशि भुगतान का कार्य हेतु पे आईडी क्रिएट कर दिए गए हैं। मण्डल डैम में पिकेट का कार्य एवं साथ ही डैम के शेष 2 गेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे कार्य प्रक्रियाधीन है, जिसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जायेगा। उपायुक्त द्वारा परियोजना में संलग्न सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाते हुए कार्यों का निष्पादन शीघ्र करने की बात कही गई।
उक्त समीक्षात्मक बैठक में उपरोक्त पदाधिकारियों के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप निदेशक, पलामू टाइगर रिज़र्व प्रक्षेत्र प्रजेश कांत जेना, वन प्रमंडल पदाधिकारी उत्तरी अंशुमान एवं दक्षिणी ई.बी. अब्राहम, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, अभियान एसपी आर. डी. बड़ाइक, अनुमण्डल पदाधिकारी गढ़वा संजय कुमार, अनुमण्डल पदाधिकारी, रंका रूद्र प्रताप, जिला कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा एवं रंका कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, आरआईओ, आरसीडी, भवन प्रमंडल, विद्युत विभाग, भूमि संरक्षण पदाधिकारी, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी रंका एवं रमकंडा समेत अन्य संबंधित उपस्थित थें।

