
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा)5 फरवरी। भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के सहजौली मठिया पर भारतीय जन उत्थान परिषद द्वारा संचालित तथा एचडीएफसी बैंक द्वारा वित्तपोषित परियोजना समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम (एचआरडीपी) का उद्घाटन संस्था के महासचिव अभिषेक भारतीय, जिला पार्षद कृष्णा देवी, समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम की राज्य परियोजना समन्वयक श्यामलिका कृष्णा, श्रम मंत्रालय बिहार सरकार के संतोष कुमार सिंह, एसई अविनाश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। संस्था के महासचिव अभिषेक भारतीय ने संस्था के बारे में संक्षिप्त जानकारी देते हुए कहा कि हमारी संस्था भारतीय जन उत्थान परिषद एक गैर सरकारी संगठन है जो 1983 से समाज के सर्वांगीण विकास के लिए स्थापित की गई है। संस्था बिहार के कई जिलों के साथ-साथ भोजपुर के विकास में भी अपना योगदान देने जा रही है। एचडीएफसी बैंक परिवर्तन द्वारा वित्त पोषित एवं भारतीय जन उत्थान परिषद द्वारा संचालित “समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम” (एचआरडीपी) भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के 10 एवं बिहिया प्रखंड के पांच राजस्व गाँवों में जीविकोपार्जन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सौर ऊर्जा संबंधित विषयों पर कार्य कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में स्मार्ट स्कूल एवं स्मार्ट वर्ग तथा आंगनबाड़ी का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण, स्वास्थ्य के क्षेत्र में सभी चयनित ग्रामों में मानव स्वास्थ्य शिविर के साथ-साथ पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन, पानी सोखता का निर्माण, चापाकल प्लेटफार्म का निर्माण, स्वच्छ पानी पीने के लिए जल मीनार का निर्माण किया जायेगा। कृषि के क्षेत्र में फॉर्म फील्ड स्कूल का निर्माण कराया जायेगा और सौर ऊर्जा आधारित सोलर पंप लगाया जायेगा। साथ ही मशरूम उत्पादन केंद्रों का निर्माण और मोटा अनाज के लिए प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण कराया जायेगा। असहाय और बेबस महिलाओं के आय वृद्धि के लिए बेड शीट उत्पादन केंद्र का निर्माण एवं संचालन कराया जाएगा। गरीब एवं विधवा महिलाओं को सामग्री उपलब्ध कराकर रोजगार दिया जाएगा ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।
इसके अलावा प्रति गाँव 10 सोलर लाइट के हिसाब से 150 सोलर लाइट लगाया जायेगा। कार्यक्रम में अभिषेक भारतीय, श्यामलिका कृष्णा, जिला पार्षद कृष्णा देवी, बीडीओ शत्रुंजय कुमार सिंह, बीपीआरओ राजेश प्रसाद, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अतिउल्लाह अंसारी, बीईओ गुलाम सरवर, परियोजना प्रबंधक प्रकाश अभिषेक तिवारी, परियोजना समन्वयक अनुराग कुमार, अंजनी कुमार सिंहा, सत्यनारायण कुमार, सहित 15 परियोजना ग्राम के समन्वयक, ब्रजेश ओझा, अभिनव ओझा, मुन्ना प्रसाद, पंकज सिंह, राजकुमार राम, राजनाथ चौधरी आदि उपस्थित थे।
