
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 21 दिसम्बर। भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड प्रमुख के चुनाव के मामले मे सर्वोच्च न्यायालय के स्थगन आदेश के बाद प्रखंड प्रमुख चुनाव पर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा रोक लगा दिये जाने पर प्रमुख बनने का सपना संजोए प्रमुख विरोधी पंचायत समिति सदस्य फिलहाल औंधे मुंह गिर गये हैं। प्रखंड प्रमुख विरोधी पंचायत समिति सदस्यों में मायूसी छाई रही। मालूम हो कि प्रखंड प्रमुख का चुनाव एसडीओ जगदीशपुर की देखरेख मे शुक्रवार 20 दिसंबर को कराया जाना था। माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश देने के बाद देर शाम राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रखंड प्रमुख के चुनाव पर रोक लगाने संबंधी निर्देश एसडीएम जगदीशपुर को दिया। प्रमुख गीता देवी ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रमुख के चुनाव की प्रकिया को स्थगित कर दिया गया है। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा इस मामले में अगली तारीख 7 जनवरी 2025 को दी गई है। गीता देवी तथा उनके प्रतिनिधि पुतुल साह उर्फ गेल्हा ने कहा कि हमें न्यायालय पर पूरा भरोसा है और न्यायालय से हमारी जीत होगी। सर्वोच्च न्यायालय के स्थगन आदेश के बाद गीता देवी, पूर्व उप प्रमुख पंचायत समिति सदस्य संतोष पासवान के नेतृत्व में उनके समर्थक पंचायत समिति सदस्यों ने खुशी में मिठाईयाँ बांटी। जहाँ एक तरफ प्रमुख गीता देवी के समर्थकों में खुशी तो वहीं दूसरी तरफ उनके विरोधी गुट में मायूसी का नजारा देखने को मिला।
