RK TV News
खबरें
Breaking Newsमनोरंजन

राइजिंग राजस्थान की सुहानी शाम में बिखरे सुरीले सुर, राजस्थान बना ऑलवेज राइजिंग निवेशिस्तान।

RKTV NEWS/जयपुर(राजस्थान) 11 दिसम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सफल नेतृत्व में गुलाबी नगरी जयपुर की गुलाबी ठण्ड के बीच राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इनवेस्टमेंट समिट के तहत आयोजित किये जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार की शाम होटल जयमहल पैलेस में पधारे विदेशी निवेशकों, देशी -विदेशी मेहमानों, डेलीगेट्स व पावणों के बीच हर्ष और आनंद से सराबोर रही।
गायन, वादन और नृत्य के सुमधुर सांगीतिक समन्वय के बीच पधारो म्हारे देश की थीम पर बिखरे सुरों से सजी यह निराली शाम खम्मा घणी ओ लाडी सा…पधारो रे सुहानी सा…आदि गानों और दीर्घ स्क्रीन पर दृश्य श्रव्य धुनों के बीच निवेशकों को लुभाती सी नजर आई। राजस्थानी संगीत से समृद्ध धोरां वाले देश राजस्थान में निवेश को प्रोत्साहित करती सांझ में सुरम्य वातावरण और शानदार प्रदर्शन ने हर किसी का मन तो मोहा ही, तालियां भी खूब बटोरी।
दीर्घ स्क्रीन्स पर हज़ारों की संख्या में दर्शक-दीर्घा में विराजे जयपुराइट्स, यूथ एवं निवेशक आगन्तुकों ने पुष्कर और पिछोला झील के मनमोहक दृश्य, यूनेस्को की संरक्षित प्रादेशिक धरोहरों, दुर्गों, कुएं-बावड़ियों के शिल्प-स्थापत्य की आभा, प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर खनिजों के अजायबघर के नाम से सुविख्यात राजस्थान प्रदेश में वन, वन्य जीवों, अभयारण्यों आदि की छटा, आन -बान और शान की मरुधरा के व्यापक दिग्दर्शन कर हर कोई भाव विभोर हो उठा।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में विकसित राजस्थान की तर्ज पर औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 11 दिसंबर तक तीन दिवसीय राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इंवेस्टमेंट समिट का आयोजन किया जा रहा है। समिट में शिरकत करने आए देशी-विदेशी मेहमानों को प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, गौरवान्वित विरासत और सभ्यता से रूबरू करवाने की कड़ी में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
रविन्द्र उपाध्याय ने चक दे इंडिया.. जय हो.. धरती धोरां री..चूड़ी चमके…चिरमी…लगन लगी..घूमर….केसरिया बालम, आवो नी पधारो म्हारे देश…आदि गाने गाकर सबको थिरकने पर मजबूर कर दिया, वहीं गिर्राज धरण के जयकारों के उद्घोष से दर्शकों में जोश भर दिया।
रंगीलो राजस्थान की रंग-बिरंगी उत्सवी बिसात भी इस दौरान बिछी और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सभ्यता, संस्कृति के रंग ने सबको अपने रंग में रंग दिया। अनिल मारवाड़ी ने मारवाड़ी गानों से सबको मंत्रमुग्ध किया।
समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारीगण, गणमान्यजन, आमजन आदि के साथ ही इस अवसर पर देश-विदेश से आये डेलीगेट्स, उद्योगपति व निवेशक भी मौजूद रहे।

Related posts

रायपुर : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने फार्मेसी काउंसिल के आनलाइन पंजीयन सुविधा का किया लोकार्पण।

rktvnews

बागपत : ठंड के कारण जिला मजिस्ट्रेट ने कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की 30 व 31 दिसंबर का अवकाश घोषित किया।

rktvnews

भोजपुर:एस बी कालेज में महिला दिवस पर आधुनिक समय में स्त्री विमर्श विषयक संगोष्ठी आयोजित।

rktvnews

पटना:विश्व स्वास्थ्य दिवस पर कार्यशाला आयोजित!चिकित्सा के क्षेत्र में अद्भुत चमत्कार विज्ञान की देन:चेयरमैन डा बी बी सिन्हा

rktvnews

चतरा:उपायुक्त ने समाहरणालय स्थित रिकॉर्ड रूम का किया निरीक्षण।

rktvnews

भोजपुर:विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मियों के वेतन,पेंशन आदि की समस्याओं को ले फुटाब और फुस्टाब ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र ,हस्तक्षेप की मांग।

rktvnews

Leave a Comment