वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में आयोजित होगा दो दिवसीय नेचर स्टडी कैंप
23 अक्टूबर को रवाना होगा जत्था, 25 अक्टूबर को होगी वापसी
सफारी जिप्सी में सवार होकर जंगल सफारी के रोमांच का करेंगे अनुभव
नेचर स्टडी कैंप से लौटने के बाद बच्चे लिखेंगे यात्रा वृतांत, बेस्ट 3 को दिया जाएगा अवार्ड
RKTV NEWS/आरा(भोजपुर )23 अक्टूबर।शहर के मझौंवा स्थित संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के छात्र-छात्रा नेचर स्टडी कैंप में भाग लेने के लिए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जाएंगे। यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया शाहाबाद इकाई एवं संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय नेचर स्टडी कैंप (प्रकृति अध्ययन कैंप) में भाग लेने के लिए छात्र-छात्राओं का जत्था 23 अक्टूबर (शुक्रवार) को रवाना होगा, उनकी वापसी 25 अक्टूबर (रविवार) को होगी। नेचर स्टडी कैंप में बच्चों के साथ संभावना आवासीय उच्च विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह, आर्ट टीचर संजीव सिन्हा, स्पोर्ट्स टीचर कन्हैया सिंह एवं निशा कुमारी शामिल होंगी। प्राचार्या डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व गंडक नदी के तट पर स्थित प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे महर्षि वाल्मीकि की तपो भूमि एवं लव-कुश की पावन जन्म स्थली है। इसे बिहार का कश्मीर कहा जाता है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में भैंसालोटन प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, जहां बच्चे जाएंगे। नेचर स्टडी कैंप के दौरान बच्चों को जंगल सफारी के रोमांच का अनुभव करेंगे। वही कौलेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन करेंगे। इस मंदिर का संबंध त्रेता युग से जुड़ा हुआ है। इसके अलावे जटाशंकर मंदिर (जहां महर्षि वाल्मीकि एवं माता सीता पूजा अर्चना के लिए पहुंचती थी) वहां जाएंगे। नरदेवी मंदिर (जहां बुंदेलखंड के प्रसिद्ध योद्धा आल्हा और उदल आया करते थे) वहां दर्शन करेंगे। यात्रा के दौरान बच्चे नेपाल सीमा से सटे त्रिवेणी घाट (जहां सोन, तमसा और गंडक नदी की धारा मिलती है) वहां भ्रमण करेंगे। वही नेपाल के चितवन राष्ट्रीय उद्यान के घने जंगलों में बसा सनातन धर्म के अद्वितीय स्थल वाल्मीकि के आश्रम जाएंगे। इसके अलावे शीश महल एवं गजेंद्र मोक्ष धाम का दर्शन करेंगे। निदेशक डॉ. कुमार द्विजेंद्र ने बताया कि नेचर स्टडी कैंप में बच्चों को घूमने के साथ-साथ प्रकृति का अध्ययन करेंगे। वहां से लौटने के बाद बच्चों को तीन दिनों का समय दिया जाएगा। इस दौरान बच्चे अपनी यात्रा वृतांत लिखेंगे। इसमें बच्चे नेचर स्टडी कैंप से क्या सीखे, तथा उन्हें क्या प्रेरणा मिली। इसकी जानकारी देनी होगी। यात्रा वृतांत लिखने वाले बेस्ट तीन बच्चों को अवार्ड दिया जाएगा।

