राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार के लिए चयनित राधिका कुमारी एवं जापान में मॉडल प्रस्तुत करने के लिए चयनित दीपक कुमार की उपलब्धि की सराहना।
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)22 अक्टूबर।जिले के विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार कक्ष में दोनों विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, दीवानखाना, चतरा की कक्षा आठ की छात्रा सुश्री राधिका कुमारी का बिरला औद्योगिक एवं प्रौद्योगिक संग्रहालय (बीआईटीएम), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार–2026 के लिए चयन हुआ है।
वहीं, गिद्धौर प्रखंड स्थित गंगा स्मारक उच्च विद्यालय के छात्र दीपक कुमार ने इंस्पायर अवार्ड मानक योजना वर्ष 2023-24 के अंतर्गत आयोजित 12वीं राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी एवं परियोजना प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि के आधार पर उनके मॉडल का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुति के लिए किया गया है। दीपक जापान में अपना मॉडल प्रस्तुत करेंगे।
उपायुक्त रवि आनंद ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार एवं रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले के विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य छात्र-छात्राओं को भी नए विचारों के साथ आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा छात्रा राधिका कुमारी की माता उपस्थित थीं।

