
स्थानीय विधायक राहुल तिवारी ने पत्र लिख सरकार को किया था सूचित।

तत्कालीन उप मुख्यमंत्री सह जिलाप्रभारी मंत्री की पहल पर तत्कलानीन भोजपुर डीएम द्वारा बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल बक्सर के कार्यपालक अभियंता को पत्र द्वारा दी गई थी सुचना।

विद्यायक द्वारा 2023 के तारांकित प्रश्न में जल संसाधन मंत्री का मिला जवाब कहा है कटाव?
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 8 अक्टूबर। भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड मे मोक्षदायिनी गंगा के उग्र रूप ने अनेक परिवारों को बेघर कर दिया। इस वर्ष प्रलंयकारी बाढ के कारण शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत के जवइनिया गाँव में गंगा के कटाव के कारण लगभग चार दर्जन भर घर गंगा में समाहित हो गये। गंगा के कटाव के कारण जवइनिया सहित पूरे क्षेत्र में हाहाकार मच गया। अपने घरों का सामान लेकर अपने रिश्तेदारों के यहाँ तथा अन्य जगहों पर चले गये। विस्थापितों को जवइनिया उच्च विद्यालय के अलावा पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवन में रखा गया है। कम्युनिटी किचेन चला कर लोगों को खाना खिलाया जा रहा है। गंगा के कटाव की प्रक्रिया कई वर्षों से जारी है। गंगा के कटाव को लेकर शाहपुर विधान सभा क्षेत्र के राजद विधायक राहुल तिवारी ने पत्र लिखकर सरकार को सूचित किया था। इस संबंध में विधायक राहुल तिवारी ने तत्कालीन उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को 9/9/2022 को पत्र लिखकर भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत के अंतर्गत जवइनिया गाँव में गंगा नदी के पानी से तेजी से हो रहे कटाव के कारण लोगों के बीच दहशत पैदा होने के संबंध में सूचित किया था। उक्त पत्र में उन्होंने जवइनिया गाँव को गंगा नदी के पानी के कटाव से शीघ्र रोकने हेतू संबंधित पदाधिकारी को निर्देश देने के लिए अनुरोध किया था। आवेदन के साथ-साथ उन्होने कटाव के दृश्य का चित्र भी संलग्न किया था।

विधायक राहुल तिवारी के पत्र के आलोक में तत्कालीन जिला पदाधिकारी भोजपुर ने कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, बक्सर को ज्ञापांक 2364/गो, दिनांक 12/9/2022 के माध्यम से पत्र लिखा था। उक्त पत्र में जिला पदाधिकारी, भोजपुर ने लिखा है कि तेजस्वी प्रसाद यादव तत्कालीन उप मुख्यमंत्री सह प्रभारी मंत्री भोजपुर जिला की अध्यक्षता में संपन्न जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की समीक्षा बैठक के उपरांत शाहपुर विधायक राहुल तिवारी द्वारा पत्र के माध्यम से सूचित किया गया है कि भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत के अंतर्गत जवइनिया गाँव में गंगा नदी के पानी से तेजी से कटाव हो रहा है जिससे ग्रामीणों में काफी दहशत पैदा हो गई है। उनके द्वारा गंगा नदी के कटाव को शीघ्र रोकने हेतू संबंधित पदाधिकारी को निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। विधायक राहुल तिवारी के पत्र के आलोक में जिला पदाधिकारी, भोजपुर ने विधायक राहुल तिवारी द्वारा प्राप्त पत्र की प्रति को संलग्न करते हुए कार्यपालक अभियंता, बाढ नियंत्रण प्रमंडल, बक्सर को निर्देश दिया कि जवइनिया गाँव में कटाव को रोकने के निमित्त अविलंब नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कृत कार्रवाई से अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराना सुनिश्चित करें। जवइनिया में हुए कटाव के संबंध में विधायक राहुल तिवारी ने विधान सभा में भी वर्ष 2023 में तारांकित प्रश्न किया था जिसमें उन्होंने मंत्री, जल संसाधन विभाग से भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत के जवइनिया गाँव में गंगा नदी के पानी से हो रहे कटाव के संबंध में जानकारी देते हुए जवाब मांगा था। प्रश्न का उत्तर मिला कि भोजपुर जिला के शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत के अंतर्गत ग्राम जवइनिया में गंगा नदी के किनारे वर्तमान में कोई कटाव परिलक्षित नहीं हो रहा है। बाढ़ अवधि 2023 में कटाव परिलक्षित होने पर उसे बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराकर सुरक्षित कर लिया जायेगा। विदित हो कि वर्ष 2023 में मंत्री, जल संसाधन विभाग ने जवइनिया में कोई कटाव नहीं होने की बात कही जबकि वर्ष 2024 में गंगा के कटाव से लगभग चार दर्जन घर गंगा में समा गये।
