बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की तीसरी वर्षगांठ पर जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक, 27 नवंबर को होगा मेगा इवेंट।
RKTV NEWS/चतरा (झारखंड)13 नवंबर।बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा चतरा जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। उपायुक्त रवि आनंद के निर्देशानुसार जिला समाज कल्याण विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई के नेतृत्व में आज अपर समाहर्ता श्री अरविंद कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। अपर समाहर्ता के कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर विशेष जागरूकता अभियान के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जिला बाल संरक्षण इकाई, समाज कल्याण विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकार चतर, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग, जेएसएलपीएस (JSLPS), सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, एलजीएसएस (LGSS) के प्रतिनिधि तथा जिला परियोजना सहायक, नीति आयोग (AVA) सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
गांव, पंचायत, प्रखंड एवं विद्यालय स्तर पर चलेगा जागरूकता अभियान
बैठक में निर्णय लिया गया कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए जिले के सभी विद्यालयों, गांवों, पंचायतों एवं प्रखंडों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना, बाल अधिकारों की रक्षा करना तथा बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा को बढ़ावा देना है। विशेष रूप से संवेदनशील (हॉटस्पॉट) पंचायतों में शत-प्रतिशत जागरूकता सुनिश्चित कर उन्हें बाल विवाह मुक्त पंचायत के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।
पांच चरणों में संचालित होगी विशेष कार्ययोजना
बैठक के दौरान जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक संचालित होने वाले विशेष अभियान की कार्ययोजना का पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया।
कार्ययोजना के तहत विद्यालयों में प्रतिदिन सामूहिक शपथ, जागरूकता रैलियां एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही नागपुरी एवं खोरठा जैसी स्थानीय भाषाओं में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक बाल विवाह उन्मूलन का संदेश पहुंचाया जाएगा।
विवाह के प्रमुख सीजन 28 नवंबर से 21 दिसंबर 2026 के दौरान बाल विवाह की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की जाएगी। स्वयं सहायता समूहों (SHG) की दीदियों एवं आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से संभावित बाल विवाह की सूचना एकत्र करने तथा सूचना प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त विद्यालय छोड़ चुकी बालिकाओं की पहचान कर उनका पुनः नामांकन कराने तथा उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का निर्णय लिया गया। ऐसी बालिकाओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना सहित अन्य पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया।
27 नवंबर को जिला स्तरीय मेगा इवेंट का होगा आयोजन
बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 27 नवंबर 2026 को चतरा में जिला स्तरीय विशेष कार्यक्रम (मेगा इवेंट) आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रखंड, पंचायत एवं विद्यालय स्तर पर सामूहिक शपथ ग्रहण, जागरूकता रैली तथा विशेष ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा। साथ ही बाल विवाह की रोकथाम एवं उन्मूलन के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले सामाजिक चैंपियंस को सम्मानित करने की भी योजना है।
विवाह से जुड़े सेवा प्रदाताओं को आयु प्रमाण-पत्र जांचने का निर्देश
बैठक में अपर समाहर्ता ने बाल विवाह की रोकथाम को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी धर्मगुरु, विवाह भवन संचालक, टेंट हाउस संचालक एवं कार्ड प्रिंटिंग प्रेस संचालक वर-वधू की निर्धारित वैधानिक आयु से संबंधित प्रमाण-पत्र की जांच किए बिना विवाह संबंधी सेवाएं उपलब्ध न कराएं। उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लेख करते हुए कहा कि बाल विवाह में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि बाल विवाह से संबंधित किसी भी सूचना अथवा आपात स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या आपातकालीन पुलिस सेवा 112 पर तत्काल संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
जिला प्रशासन ने आमजनों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं पंचायत प्रतिनिधियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है, ताकि सामूहिक प्रयासों से चतरा को बाल विवाह मुक्त जिला बनाया जा सके।

