
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 26 सितम्बर। माॅ गंगा मोक्षदायिनी हैं। हिंदू धर्म में ऐसी मान्यता है कि गंगा में डुबकी लगाना, पूजा पाठ एवं अन्य कार्य मोक्ष प्राप्ति हेतु किया जाता है। माँ गंगा की पूजा एवं आरती बड़े श्रद्धा भाव के साथ की जाती है। पर इसी मोक्षदायिनी माॅ गंगा के रौद्र रूप ने भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के दामोदरपुर पंचायत के जवइनिया गाँव के अनेकों घरों को अपने आगोश में ले लिया। गंगा की कहर बरपाती लहरों और कटाव के कारण जवइनिया गाँव मे मंदिर सहित लगभग 30 से 35 घर गंगा नदी में समा गये। गंगा ने लोगों का आशियाना छीन लिया। लोगों की ऑखों के सामने उनका घर गंगा में समाहित हो गया। लोग कलेजे पर पत्थर रखकर उसको देखते रहे और कुछ नहीं कर सके।
गंगा की क्रोधित लहरें हाहाकार मचाती हुई जवइनिया के घरों से टकराती थीं और उनको लेकर अपने भीतर समा जाती थीं। यह प्रक्रिया गंगा के उफान और पानी घटने के दौरान भी हुआ। अभी गंगा का जलस्तर कम हो रहा है। परंतु गंगा अब और कितने घरों को लील लेंगी यह कहना मुश्किल है। वहाँ के लोगों में हाहाकार मचा हुआ है। सभी डरे और सहमे हुए हैं। कब किसका घर गंगा नदी में चला जाएगा, यह कोई नहीं कह सकता। लोग अपना सामान लेकर दूसरे जगहों पर शरण लिए हुए हैं। पड़ोसियों, रिश्तेदारों तथा अन्य गाँवों में लोग किसी तरह गुजर बसर कर रहे हैं। 10 + 2 विद्यालय जवइनिया में भी लोग रह रहे हैं। बक्सर-कोईलवर तटबंध पर श्याम बाबा के पास भी लोग अपने पशुओं एवं मवेशियों को लेकर जीवन बसर कर रहे हैं। सरकार द्वारा सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई है। पॉलीथिन शीट भी बांटा गया है। वह भी लोगों को पर्याप्त रूप से नहीं मिल पाया है। जिन लोगों का घर गंगा में चला गया उन लोगों का क्या होगा। वे सभी बेघर और आश्रयविहीन हैं। शाहपुर विधान सभा क्षेत्र के विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी, आरा सांसद सुदामा प्रसाद, पूर्व सांसद तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, पूर्व विधायक मुन्नी देवी, भाजपा नेता भूअर ओझा, जिला पार्षद गंगाधर पांडे सहित कई नेताओं ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का दौरा कर लोगों के दुख दर्द को सुना और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।
विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने बताया कि उन्होंने विधान सभा में जवइनिया गाँव में गंगा से हो रहे कटाव के संबंध में सवाल किया था। लेकिन विभाग और सरकार की तरफ से जवाब आया कि जवइनिया गाँव में गंगा से किसी तरह का कटाव नहीं हो रहा है। उन्होंने इस सरकार को अक्षम बताते हुए बेघर और आश्रयविहीन हुए लोगों के लिए यथाशीघ्र जमीन मुहैया कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत उनका घर बनवाने की मांग की है। आरा सांसद सुदामा प्रसाद के नेतृत्व में हुए धरना के बाद जिलाधिकारी से मिले प्रतिनिधि मंडल को जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने बताया कि शाहपुर के अंचलाधिकारी को सरकारी जमीन को चिन्हित कर विस्थापितों को मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है। दामोदरपुर पंचायत की मुखिया धर्मशीला देवी, मुखिया प्रतिनिधि सुभाष चौधरी तथा ग्रामीण दिनेश यादव ने बताया कि दामोदरपुर पंचायत के जवइनिया गाँव की आबादी लगभग 3500 है। यहाँ लगभग 800 मतदाता हैं। दामोदरपुर पंचायत में 14 वार्ड हैं जिसका वार्ड संख्या 4 और 5 जवइनिया का है। जवइनिया निवासी सत्येंद्र पांडे, अरविंद पांडे, रामजी पाठक, नन्हक यादव, बुधन कमकर, मोतीलाल चौधरी, लगन गोंड आदि ने बताया कि यहाँ बिन्द, यादव, ब्राह्मण, गोंड और कमकर जाति के लोग रहते हैं। गंगा के कहर से सभी परेशान हैं। सभी जाति के लोगों का घर गंगा में समाहित हुआ है। माॅ गंगा ने भी बिना किसी भेदभाव के लोगों के घरों को अपने में समाहित कर लिया।
