
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 16 अगस्त। भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत डूबने से एक बच्ची और एक विवाहित महिला समेत दो की मौत हो गई। प्रखंड के देवमलपुर बहुदरी गाँव की एक बच्ची की डूबने से मौत हो गई। मृतक बच्ची का शव करनामेपुर थाना क्षेत्र के देवमलपुर पुल के पास पानी में से बरामद किया गया। मृतका खुशी कुमारी उर्फ वंदनी (9 वर्ष) देवमलपुर बहुदरी के गणपति सहनी की पुत्री है। घटना की सूचना मिलते ही करनामेपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटनास्थल पर पहुँच कर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को परिजनों के साथ अंत्यपरीक्षण हेतू आरा सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना से परिजनों मे हाहाकार मच गया। वहीं प्रखंड के माधोपुर में डूबने से एक विवाहिता की मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतका मानसिक रूप से विक्षिप्त थी और भागङ में जाकर डूब गई। मृतका नेहा देवी (21वर्ष) प्रखंड के करनामेपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर के छोटक यादव की पुत्री और कदम डेरा के बबलू यादव की पत्नी बताई जाती है। घटना की सूचना मिलते ही करनामेपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने घटनास्थल पर पहुँच कर आवश्यक कार्रवाई की।
