
शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 22 जुलाई। सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर विभिन्न शिवालयों में जिलाभिषेक और पूजा अर्चना के लिए शिव भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भोजपुर जिला के विभिन्न शिव मंदिरों सहित शाहपुर के प्राचीन ऐतिहासिक प्रसिद्ध कुंङवा महादेव शिव मंदिर, भीमपट्टी स्थित सिद्धीनाथ शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए अहले सुबह से लेकर देर शाम तक भीङ उमङी रही। बड़ी संख्या में स्त्री, पुरुष, युवक, युवती समेत श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक किया तथा फूल,माला, बेलपत्र, धतूरा, भांग, अबीर, गुलाल से पूजा अर्चना की। भीमपट्टी शिवमंदिर में जलाभिषेक के लिए भोजपुर तथा छपरा जिला के अलावा उत्तर प्रदेश से आये लोगों ने जलाभिषेक किया तथा पूजा अर्चना की। भक्तों ने सिद्धिनाथ बैजुनाथ दास बाबा के आदम कद प्रतिमा का दर्शन कर मत्था टेका। इस अवसर पर शिवालयों को विभिन्न तरह के आकर्षक लाइट और सीरीज बल्ब से सजाया गया। ओम नमः शिवाय तथा हर हर महादेव की गूंज से गुंजायमान हुए शिवालय। जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। कई महिलाओं ने मिट्टी का पार्थी बनाकर भोले बाबा की पूजा अर्चना की। शिव भक्तों खासकर युवतियों और महिलाओं ने इस अवसर पर पूरे दिन व्रत रखा और फलाहार किया।
