RKTV NEWS/हनुमानगढ़(राजस्थान )06अप्रैल। चुनाव का पर्व, देश का गर्व। इन शब्दों के असीम भाव और इनकी ताकत हर व्यक्ति का हौसला बढ़ा रही है। हनुमानगढ़ में 19 अप्रैल को सामान्य मतदाता बूथ पर जाकर मतदान करेंगे, लेकिन उससे पूर्व शुक्रवार का दिन लोकतंत्र के महापर्व के लिए खास रहा। हमारे 85 वर्ष आयु से अधिक के वरिष्ठ और 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले मतदाताओं ने घर पर ही मतदान किया।
जिले में ऐसे मतदाताओं के उत्साह ने मतदान कार्मिकों को भी थकने और रूकने नहीं दिया। शहर की तंग गलियों में पैदल चलने से लेकर कई कि.मी गांव-ढाणियों में निवासरत एक-एक मतदाता के पास पहुंचकर मतदान कराया। इस दौरान कई मतदाता ऐसे भी मिले, जिन्हें काफी शारीरिक परेशानियां थी, लेकिन उनका साहस और इच्छाशक्ति उन्हें हर परिस्थिति में आगे बढ़ता दिखा। हौसलों की ऊंची उड़ान भरने वाले कुछ मतदाताओं से लोकसभा चुनाव को लेकर बातचीत की गई।
मैंने किया, अब आप भी करें मतदान
हनुमानगढ़ विधानसभा क्षेत्र की बाबा श्याम काॅलोनी के 24 वर्षीय श्री जगदीप सिंह। 40 प्रतिषत से अधिक दिव्यांगता है, लेकिन मतदान करने के बाद लोकतंत्र के महापर्व में आमजन को सबसे बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मैंने आज वोट किया। बहुत अच्छा लगा। यह सबसे पहले बुआ को बताकर उन्हें भी वोट करने के लिए कहूंगा। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में बूथ पर जाकर वोट करना किया था। इस बार जाना नहीं पड़ा है। निर्वाचन विभाग को धन्यवाद। अब आप भी वोट जरूर करना। मुझसे अन्य मतदाताओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
जो चल सकते है, वे बूथ पर करें मतदान
हनुमानगढ़ शहर की दुर्गा कॉलोनी निवासी 87 वर्षीय श्रीमती किशना ने घर पर मतदान किया। उन्होंने कहा कि अब चला तो नहीं जाता है, इसलिए यह बेहतर सुविधा है। जो चलने में सक्षम है, वे बूथ पर जाकर 19 अप्रैल को जरूर मतदान करें। वहीं, 92 वर्षीय श्रीमती सहोदरा ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा हमारे लिए बड़ी सुविधा मुहैया कराई है। साथ ही, 89 वर्षीय श्री भगवान दास ने कहा कि हमने मतदान किया है। आप भी बूथ पर मतदान करें।
पहले दिन मतदान
विधानसभा- 85प्लस- पीडब्ल्यूडी- कुल मतदान
संगरिया- 154- 73- 227
हनुमागनढ़- 88- 42- 130
पीलीबंगा- 32- 30- 62
नोहर- 73- 28- 101
भादरा- 114- 39- 153
इपिक या अन्य वैकल्पिक पहचान पत्र रखे साथ
निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (इपिक) साथ रखें। नहीं होने पर वैकल्पिक पहचान दस्तावेज से भी मतदान कर सकते हैं। इनमें आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटो सहित पेंशन दस्तावेज, केंद्र/राज्य सरकार/पीएसयू/सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, बैंक/डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक, राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के तहत आरजीआई द्वारा जारी स्मार्ट कार्ड, श्रम मंत्रालय की योजना के तहत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, सांसदों/विधायकों/एमएलसी को जारी किए गए आधिकारिक पहचान पत्र और भारत सरकार के सामाजिक न्याय मंत्रालय द्वारा दिव्यांगजनों को जारी यूनिक डिसेबिलिटी आईडी शामिल हैं।


