RKTV NEWS/पटना (बिहार)28 मार्च।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, पटना शीर्षत कपिल अशोक द्वारा लोकसभा आम निर्वाचन, 2024 के प्रसंग में आज मोकामा एवं बाढ़ विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। उन्होंने इन क्षेत्रों में डिस्पैच सेंटर्स का निरीक्षण किया तथा चुनाव में वाहन प्रबंधन हेतु क्रियाशील वाहन कोषांगों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों सहित पूरे जिला में बेहतर तैयारी है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार सभी व्यवस्था की जा रही है। सुगम, सहज, सुरक्षित एवं समावेशी चुनाव कराने के लिए सभी कदम उठाया जा रहा है। हम लोकतंत्र के इस उत्सव को एक सुखद अनुभव बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सभी निर्वाचकों से अपील है कि वे वोट जरूर दें। इससे हमारा समृद्ध लोकतंत्र और प्रस्फुटित होगा तथा इसे नया आयाम मिलेगा।


