शाहपुर/भोजपुर (राकेश मंगल सिन्हा) 27 फरवरी। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के इंटवा गाँव में मंडप एवं हल्दी की रस्म के अवसर पर आयोजित भोज में भोजन करने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई जबकि अनेकों लोग बीमार पड़ गए। इसी के साथ हंसी-खुशी का माहौल मातम में बदल गया। घटना इंटवा गाँव के मैना सिंह के घर की बताई जाती है। बताया जाता है कि मैना सिंह के छोटे भाई स्व वंशीधर सिंह की पुत्री की शादी के अवसर पर मंडप एवं हल्दी की रस्म अदायगी थी। इस अवसर पर आयोजित भोज में उनके परिजन, रिश्तेदार, पड़ोसी एवं शुभचिंतक शामिल हुए। खाना खाने के बाद रात में बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए।
जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर में कराया गया। गंभीर रूप से बीमार लोगों को बेहतर इलाज हेतू आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों का कहना है कि फूड प्वाइजनिंग एवं विषाक्त भोजन के कारण लोग बीमार पड़े। प्राप्त जानकारी के अनुसार खुद दुल्हन भी इस घटना की शिकार हो गई है और इलाजरत है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा अतिउल्लाह अंसारी की देखरेख में चिकित्सकों, नर्सों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम लोगों की चिकित्सा में लगी है। विषाक्त भोजन खाने से एक बुजुर्ग महिला स्व हरिहर सिंह की 85 वर्षीय पत्नी बसंती देवी की मौत आरा सदर अस्पताल में चिकित्सा के दौरान हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी ने अपने समर्थकों के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर पहुॅच कर इलाजरत लोगों का हाल-चाल जाना और हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। उन्होंने जिलाधिकारी से स्वास्थ्य टीम शाहपुर एवं इंटवा भेजने की बात कही। वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश कुमार भट्ट ने भी अस्पताल जाकर लोगों का हाल-चाल लिया। इस संबंध में उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से बात कर समुचित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। प्रभावित परिवारों से मिलकर पूछताछ करने वालों में राजद विधायक राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी, प्रखंड राजद अध्यक्ष शिवप्रसन्न यादव, बबलू राय, भाजपा नेता सतीश कुमार भट्ट, अंकित पांडे, बंटी पांडे आदि शामिल हैं।
next post
