
पटना/बिहार (राकेश मंगल सिन्हा) 2 सितम्बर। बिहार मे 17 अगस्त को राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की सासाराम से शुरू हुई मतदाता सत्यापन हेतू एसआईआर के खिलाफ वोटर अधिकार यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना मे गांधी मैदान मे
बापू की प्रतिमा पर तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण के बाद हुआ। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लोकसभा मे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, विधान सभा मे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भाकपा (माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,
भाकपा के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा, वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, शिवसेना (उद्धव गुट) के वरिष्ठ नेता संजय राउत, सीपीएम के राष्ट्रीय महासचिव एम ए बेबी, तृणमूल कांग्रेस के सांसद व क्रिकेटर यूसुफ पठान, बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम सहित इंडिया गठबंधन के बड़ी संख्या मे नेता व कार्यकर्ता गांधी मैदान स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति के पास एकत्रित हुए।
लोगों के हुजूम से पटा रहा गांधी मैदान और उसके आसपास का इलाका। राहुल गांधी समेत सभी बड़े नेताओं ने बापू की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इसके बाद शुरू हुआ वोटर अधिकार मार्च। राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी, राजेश राम, दीपांकर भट्टाचार्य, डी राजा, संजय राउत, एम ए बेबी, हेमंत सोरेन सहित इंडिया गठबंधन के तमाम नेताओं के नेतृत्व मे लोगों का हुजूम वोटर अधिकार मार्च में शामिल हुआ। जेपी गोलंबर, एसपी वर्मा रोड होते हुए मार्च डाक बंगला चौराहे पर पहुँचा। इसके आगे जाने से पुलिस ने मार्च को रोका तो मार्च वहीं पर सभा मे तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए लोक सभा मे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि जिन शक्तियों ने महात्मा गांधी की हत्या की, वही शक्तियां संविधान की हत्या करने की कोशिश कर रही हैं। पर हम उन्हें संविधान की हत्या नहीं करने देंगे। महाराष्ट्र और बेंगलुरु के महादेवपुरा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहाॅ चुनाव मे चोरी हुई।
उन्होंने कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर वोट चोरी की। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बिहार के लोगों ने 15 दिनों की यात्रा को पूरी तरह सफल बनाया है और देश को जगा दिया है। बिहार की जनता डबल इंजन की सरकार को उखाङ फेंकने का काम करेगी। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि बिहार का चुनाव देश की दिशा एवं दशा तय करेगा और हमें सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि पूरे देश को बचाने का संकल्प लेना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की रणनीति फूट डालो और शासन करो की है।
भाकपा (माले) के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि वोट चोरी को पूरी ताकत लगाकर रोकना होगा और वोट से चोट कर वोट चोरों को गद्दी से उतार देना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह जीएसटी और लॉकडाउन के जरिए देश की अर्थव्यवस्था को तोड़ने की साजिश की गई, उसी तरह एसआईआर के जरिए वोटरों को तोड़ने की साजिश की गई है। भाकपा के राष्ट्रीय महासचिव डी राजा ने कहा कि वोट चोरी नहीं चलेगी। लोगों के वोट के अधिकार को छीना जा रहा है।
सीपीएम के राष्ट्रीय महासचिव एम ए बेबी ने कहा कि वोट चोरी को लेकर भाजपा और आरएसएस का एजेंडा सबके सामने आ गया है तथा इनका उद्देश्य वोट चोरी करके संविधान को खतम करना है। उन्होंने कहा कि आजादी के संघर्ष मे भाजपा और आरएसएस की कोई भूमिका नहीं रही। शिवसेना के वरिष्ठ नेता एवं राज्य सभा सांसद संजय राउत ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने वोटर अधिकार यात्रा से क्रांति की जो मशाल जलाई है, उस पर पूरा देश चल रहा है।
उन्होंने कहा कि वोट चोरी का जो काम निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार कर रही है, उसे हम नहीं होने देंगे। तृणमूल कांग्रेस सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ पठान ने कहा कि उनकी पार्टी वोट चोरी के खिलाफ इस अभियान का समर्थन करती है। उन्होंने लोगों से इसी ऊर्जा के साथ सपोर्ट करने का अनुरोध किया। वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि एनडीए सरकार चुनाव से नहीं बल्कि वोट चोरी कर चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की तरह बिहार का चुनाव भी वोट चोरी से जीतने की कोशिश एनडीए कर रही है। बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि बिहार लोकतंत्र की जननी है लेकिन दो भाजपाई चुनाव आयोग के साथ मिलकर बिहार से लोकतंत्र और संविधान को खत्म करना चाहते हैं तथा बिहारियों को ठगना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वे फैक्ट्री गुजरात मे लगा रहे हैं और विक्ट्री बिहार मे चाहते हैं लेकिन बिहार की जनता ऐसा नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में भ्रष्टाचार, अपराध, घूसखोरी और अफसरशाही बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमारी घोषणाओं की नकल कर रही है। पेंशन, डोमिसाइल, माई- बहिन योजना, फ्री बिजली, युवा आयोग का नकल हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार झूठ बोलने की फैक्ट्री, मैन्युफैक्चरर, होलसेलर और डिस्ट्रीब्यूटर है। उन्होंने वादा किया कि हम सभी जाति, वर्ग और धर्म के लोगों को साथ लेकर नया बिहार बनायेंगे जिसमें हर हाथ को काम मिलेगा। बिहार के लोगों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
