हनुमानगढ़/राजस्थान 16 जनवरी। जिले में 25 जनवरी तक विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत पर शिविरों का आयोजन भी किया जा रहा है। अभी तक आयोजित किए गए शिविरों की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर श्री काना राम की अध्यक्षता में किया गया। जिला कलेक्टर ने कम प्रगति वाले सात पैरामीटर पर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि हमारा लक्ष्य निश्चित है, हमारा लक्ष्य वंचितों को योजनाओं से जोड़ना है ताकि यात्रा का उद्देश्य पूरा हो सके। उन्होंने शिविरों को व्यवस्थित करने तथा सुनिश्चित ढंग से शिविरों के आयोजन के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अंत्योदय, प्रधानमंत्री आवास योजना और नए राशन कार्ड धारक जिनके पास गैस कनेक्शन नहीं है। उनका डाटा कैंप से पहले सत्यापित करें ताकि पीएम उज्जवला योजना को सौ फीसदी सेच्युरेट किया जा सके और वंचितों को इससे जोड़ा जा सके।
जिला कलक्टर ने कहा कि शिविर में संकल्प की शपथ लेने वालों की संख्या बढ़ाए तथा शिविरों में कई बार भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प की शपथ दिलवाए। अधिक से अधिक महिलाओं, उत्कृष्ट विद्यार्थियों, खिलाडियों और कलाकारों को शिविर में सम्मानित करें। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत 42,512 किसानों की ई- केवाईसी बकाया है, 5728 किसानों की भूमि सत्यापन संबंधी कार्यवाही बाकी है और 15,577 नए आवेदन प्राप्त हुए है, जिनके जल्द निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ सुनीता चौधरी ने बताया कि अभी 185 शिविरों में 5,41,444 व्यक्तियों ने हिस्सा लिया है। 4,62,899 की हेल्थ स्क्रीनिंग की गई है, 5,26,975 की टीबी स्क्रीनिंग की गई है। 11 हजार 868 लाभार्थियों को सुरक्षा बीमा योजना, 3447 को जीवन ज्योति बीमा योजना से लाभान्वित किया गया है। इसके अतिरिक्त 6,186 को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, 56,425 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए है। जिले में 24 ग्राम पंचायत सौ फीसदी आयुष्मान कार्ड धारक घोषित की गई है तथा 79,102 व्यक्तियों को आयुष्मान कार्ड जारी किए गए है। 16985 माय भारत वालंटियर के तौर पर पंजीकृत हुए है तथा 7211 महिलाओं को शिविरों में सम्मानित किया गया है।
बैठक में यह रहे उपस्थित
बैठक में जिला परिषद सीईओ सुनीता चौधरी, हनुमानगढ़ एसडीएम दिव्या चौधरी, डीआईओ शैलेंद्र कुमार, एलडीएम राजकुमार, डीओआईटी संयुक्त निदेशक योगेंद्र कुमार, आईसीडीएस उपनिदेशक प्रवेश सोलंकी, उद्योग महाप्रबंधक हरीश मित्तल, सीडीईओ शक्ति रानी, डीपीएम वैभव अरोड़ा, डीएसओ विनोद कुमार, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, एपीआरओ राजपाल लंबोरिया के साथ ही सभी ब्लॉक से उपखंड अधिकारी, बीडीओ और नायब तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
अवैध खनन पर ब्लॉक लेवल एसआईटी के साथ बैठक के निर्देश
जिला कलेक्टर कानाराम ने कहा कि गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि 15 जनवरी से लेकर 31 जनवरी तक अवैध खनन के विरुद्ध राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया जाना है। जिस सिलसिले में पांच विभागों की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। इसी क्रम में सभी एसडीएम ब्लॉक लेवल एसआईटी के साथ बैठक करें। जिला कलक्टर ने कहा कि संवेदनशील गांव को चिन्हित किया गया है, उन गांव में एसडीएम टीम भेजे तथा अवैध खनन पाए जाने पर तुरंत कार्यवाही करे।
जिला कलक्टर ने कहा कि जिले में खनन के लिए 411 परमिट जारी किए गए है, उन परमिट वाले फील्ड को वेरीफाई करवाए, निर्धारित क्षेत्रफल से अधिक में खनन किया जा रहा है तो तुरंत खातेदारी अधिकार निरस्त कर दिए जाए तथा एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त इकट्ठे किए गए जिप्सम तथा ओवरलोडेड परिवहन पर भी कार्रवाई की जाए।
प्रत्येक दिन एक घंटे करें जनसुनवाई
जिला कलक्टर काना राम ने कहा कि शिकायतों और परिवेदनाओ का निस्तारण ब्लॉक स्तर व जिला स्तर पर किया जा सके, उन शिकायतों को ब्लॉक और जिला स्तर पर ही निस्तारित किया जाए। उन्होंने एसडीएम व जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए की 27 जनवरी से प्रतिदिन 1 घंटे जनसुनवाई में हिस्सा लें तथा इस दौरान स्वयं उपस्थित भी रहे।

